रांचीः पांच वार्ड छोड़कर सभी वार्ड में लौटे सफाईकर्मी
- By admin --
- 18 Jul 2020 --
- comments are disable
इंसेंटिव बंद किए जाने से नाराज पांच वार्ड के सफाईकर्मी शनिवार को दूसरे दिन भी काम पर नहीं लौटे। वार्ड नंबर 14, 16,18,19 और 34 में काम ठप रहा। हालांकि इसके अलावा 48 वार्डों में सफाईकर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर काम शुरू कर दिया।
सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दयानंद यादव ने बताया कि सफाई कर्मचारी काम पर लौटे हैं। कुछ वार्डों में सफाई कर्मियों को भड़काया गया है। इस वजह से वह काम नहीं कर रहे हैं।दयानंद यादव ने कहा कि संघ ने हड़ताल की घोषणा नहीं की है। मेयर और नगर आयुक्त से मानदेय बढ़ाने को लेकर वार्ता हो चुकी है।
उन्होंने नवंबर 2019 से जून तक 8 माह का एरियर एक मुश्त देने का भरोसा दिया है। साथ ही सफाईकर्मियों का मानदेय भी बढ़ा दिया गया है। इसलिए अब आंदोलन की कोई जरूरत नहीं है।
इधर, शहर के अधिकतर वार्डों में सफाईकर्मियों के लौटने के बाद कूड़े के उठाव के साथ सैनिटाइजेशन का काम भी शुरू हो गया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। मालूम हो कि एक दिन पहले शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में सफाईकर्मी अल्बर्ट एक्का चौक पर जुट गए थे। उन्होंने इंसेंटिव काटे जाने का विरोध किया था। इस वजह से पूरे शहर की सफाई व्यवस्था ठप पड़ गई थी।