चतरा: बारिश ने बरपाया कहर, जर्जर घर ध्वस्त, माँ व दो बेटियां मलबे में दबकर घायल

चतरा में एक बार फिर बारिश ने कहर बरपाया है। देर रात हुए मूसलाधार बारिश में शहर से सटे पाराडीह गांव में एक पुराना जर्जर घर ध्वस्त हो गया।

इस दुर्घटना में घर मे सो रही माँ व उनकी दो बेटियां मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। जिन्हें परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मलबे से निकालकर उपचार के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जहां सभी का ईलाज किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार गांव के अर्जुन राणा का खपरैल मकान पूरी तरह से जर्जर हो चुका था। जो बारिश में भरभरा कर गिर गया।अर्जुन ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में उसके नाम की स्वीकृति भी मिल चुकी थी।

बावजूद मुखिया ने उसे आवास योजना का लाभ नहीं दिया। पीड़ित ने मुखिया पर आवास योजना के बदले दस हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। कहा है कि आज मुखिया के लापरवाही के कारण ही उसके घर बड़ा हादसा होते-होते बचा है।