रांची। शिक्षा मंत्री की स्थिति में सुधार, चेन्नई ले जाने की तैयारी !

 

राची।  झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की स्थिति में सुधार के संकेत मिलने लगे हैं। जानकारी के अनुसार पहले से स्थिति बेहतर और नियंत्रण में है। गंभीर हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आग्रह पर विशेषज्ञ डॉक्टरों का दल रविवार रात चेन्नई से रांची पहुंचा। चार्टर्ड प्लेन से रात 11 बजे रांची पहुंचे इस तीन सदस्यीय दल में डॉ ए  जिंदल, डॉ मुरली कृष्ण और डॉ जुनैद अमीन शामिल हैं।

डॉक्टरों की टीम अब इस ओर कार्य कर रही है कि किस तरीके से शिक्षा मंत्री को बेहतर ईलाज के लिए एयर एंबुलेंस से बाहर लेजाया जा सकेगा। उन्हें बेहतर इलाज के लिए चेन्नई ले जाने की तैयारी की जा रही है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रांची में

बीती रात एयरपोर्ट से डॉक्टरों का दल सीधे मेडिका अस्पताल पहुंचा, जहां शिक्षा मंत्री का इलाज चल रहा है। यहां रिम्स के क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डा प्रदीप भट्टाचार्या और मेडिका के डॉ विजय मिश्रा मौजूद थे। टीम ने तत्काल मंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली और जांच रिपोर्ट व दी जा रही दवाओं का रिव्यू किया।

रात करीब 12:15 बजे तक डॉक्टरों की बैठक चली. उसके बाद डॉक्टरों की टीम वार्ड में भर्ती शिक्षा मंत्री का क्लिनिकल रिव्यू करने के लिए अंदर चली गयी. सूत्रों के अनुसार, टीम के आने के बाद शिक्षा मंत्री को एक्स्ट्रा कॉर्पोरियल मेंब्रेन ऑक्सीजेनेटर (एकमो) मशीन पर डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी. एकमो को सामान्य भाषा में आर्टिफिशल लंग्स कहा जाता है.

इससे पहले रविवार को अचानक शिक्षा मंत्री की स्थिति बिगड़ गयी. उनका ऑक्सीजन लेवल गिरना शुरू हो गया. मेडिका के क्रिटिकल केयर की टीम ने इसकी सूचना इलाज कर रहे डॉक्टरों की दी।