रांचीः पकड़ा गया पुलिस के लिए चुनौती बना कुख्यात अपराधी
- By admin --
- 21 Jul 2020 --
- comments are disable
राज्य के सात जिले की पुलिस के लिए चुनौती बने कुख्यात अपराधी अमन साव को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया। रांची एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए अमन साव सहित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया।
दोनों अपराधियों को रांची पुलिस ने धुर्वा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार हुए अपराधियों में अमन साव और जयशंकर दुबे उर्फ राहुल दुबे शामिल हैं। अमन साव के ऊपर राज्य के अलग-अलग जिलों में 49 मामले दर्ज हैं।
गौरतलब है कि हजारीबाग के बड़कागांव थाना से 29 सितंबर 2019 को फरार हुए गैंगस्टर अमन साव पुलिस को चुनौती दे रहा था। अपराधी अमन साव धनबाद, रांची, रामगढ़, पलामू हजारीबाग, चतरा और लातेहार जिले की पुलिस के लिए चुनौती बन गया था।
अमन साव का कई अपराधिक और उग्रवादी संगठनों से संपर्क था। बीते दिन रांची पुलिस ने अमन साव गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया था। मिली सूचना के आधार एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के निर्देश पर सिटी एसपी सौरभ के नेतृत्व में एसआइटी टीम ने कार्रवाई करते हुए अमन साव और उसके साथी जयशंकर को गिरफ्तार कर लिया