चंपई सोरेन बने झारखंड के नए सीएम, पांच व छह को होगा फ्लोर टेस्ट !

रांची। माननीय राज्यपाल  सी.पी. राधाकृष्णन ने आज राज भवन के दरबार हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण सामारोह में  चम्पाई सोरेन को झारखण्ड राज्य के मुख्यमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उक्त अवसर पर राज्यपाल महोदय ने  आलमगीर आलम एवं  सत्यानंद भोक्ता को भी राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद डॉ. महुआ माजी समेत कई विधायकगण, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, पुलिस महानिदेशक एवं भारतीय प्रशासनिक व पुलिस सेवा के वरीय अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

राज्यपाल महोदय ने माननीय मुख्यमंत्री श्री चम्पाई सोरेन एवं दोनों मंत्री को शपथ लेने के उपरांत हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दी। इससे पूर्व राज्य के मुख्य सचिव श्री ख्यांगते ने माननीय मुख्यमंत्री एवं दोनों मंत्री की नियुक्ति संबंधी वारंट को पढ़ा तथा राज्यपाल के प्रधान सचिव द्वारा माननीय मुख्यमंत्री एवं दोनों मंत्री को अनुक्रम में शपथ ग्रहण हेतु आमंत्रित किया गया।
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन द्वारा आज दिनांक 5 फरवरी, 2024 से 6 फरवरी, 2024 तक झारखंड विधान सभा के विशेष सत्र को आहूत करने संबधी राज्य सरकार के प्रस्ताव पर स्वीकृति प्रदान की गई। विदित हो कि राज्यपाल महोदय दिनांक 5 फरवरी, 2024 को झारखण्ड विधानसभा के सत्र को संबोधित करेंगे।