ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हाई अलर्ट !

पंजाब हाई अलर्ट
पाकिस्तान पर भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तनाव है। पंजाब में भी सरहदी इलाकों में लोग चिंता में हैं। बुधवार देर रात करीब पौने दो बजे अमृतसर में तीन जगह पर ब्लास्ट की आवाज सुनाई दी। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से तुरंत एक्शन लेते हुए पूरे जिले में ब्लैक आउट कर दिया। अधिकारियों की ओर से लगातार अपील की जाती रही कि लोग बिल्कुल भी घबराएं नहीं। वहीं दूसरी तरफ श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल को पूरी तरह से खाली करवा कर वहां पर भी ब्लैक आउट कर दिया गया।
सीमावर्ती जिलों में आज भी स्कूल बंद रहेंगे। वहीं सीमा पर बढ़ती हलचल को देखते हुए कई गांवों के लोग एहतियात के तौर पर अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं।
फाजिल्का के सीमावर्ती गांव मुहार जमशेर व मनसा के निवासी अपने कीमती सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुएं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर गांव से बाहर शिफ्ट कर रहे हैं। लोग अपने पशुधन और आवश्यक वस्तुओं को साथ लेकर निकले हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अभी तक गांव खाली करने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन लोगों ने खुद ही एहतियातन यह कदम उठाना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमा पार से लगातार गतिविधियों में तेजी आई है, जिससे भय का माहौल बना हुआ है।