रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उग्रवादियों पर मेहरबान !
- By admin --
- 02 Jun 2020 --
- comments are disable
-
प्रत्यार्पण और पुनर्वास नीति के तहत मिलेगा पुनर्वास अनुदान की राशि
-
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रस्ताव को दी मंजूरी
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विभिन्न उग्रवादी संगठनों के आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने वाले 14 उग्रवादियों को प्रत्यार्पण और पुनर्वास नीति के तहत पुनर्वास अनुदान की राशि देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
आत्मसमर्पण करने वाले इन उग्रवादियों में तीन को 4-4 लाख रुपए, नौ उग्रवादियों को 2-2 लाख रुपए और दो उग्रवादियों को 1-1 लाख रुपए की राशि का भुगतान पुनर्वास अनुदान के रुप में किया जाएगा। इन उग्रवादियों में 11 भाकपा माओवादी, 2 पीएलएफआई और 1 टीपीसी का सदस्य है।
तीन उग्रवादियों को मिलेंगे 4-4 लाख रुपए
भाकपा माओवादी के रिजनल कमिटि का सदस्य और खूंटी जिला के अड़की थाना क्षेत्र स्थित बारीगढ़ा का रहनेवाला कुंदन पाहन और यहीं का रहनेवाला डिम्बा पाहन उर्फ धीरज के अलावा भाकपा माओवादी का जोनल कमांडर व पलामू में आत्मसमर्पण करने वाला एनुल खां उर्फ गोविंद को प्रत्यार्पण और पुनर्वास नीति के तहत 4-4 लाख रुपए मिलेगा।
इन उग्रवादियों को मिलेगा 2-2 लाख रुपए
खूंटी जिला के अड़की थाना क्षेत्र के मदहातु का रहने वाला लादु मुंडा उर्फ सानिका मुंडा, गम्हरिया की क्रिस्टोमनी कुमारी, इन्दीपीढ़ी की रहनेवाली व एरिया कमांडर सुनिया कुमारी उर्फ सुनिया मुंडा, गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र स्थित चिरोटांड का दीपक कुजूर, पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबान्दा थाना क्षेत्र स्थित जियान बानबेड़ा का कान्हुराम मुंडा उर्फ अर्जुन उर्फ मंगल और दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित बांकीजोर का देवीलाल हांसदा उर्फ छोटा साथी शामिल है।
इन सभी को दो-दो लाख रुपए पुनर्वास अनुदान के तहत दिए जाएंगे। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी थाना क्षेत्र स्थित विक्रमपुर गुंदाटोला का सुंदर मुर्मू उर्फ सुंदर सोरेन और पलामू जिला नवडीहा बाजार थाना क्षेत्र स्थित पाल्हे का राजेंद्र भुईयां को प्रत्यार्पण और पुनर्वास नीति के तहत एक-एक लाख रुपए मिलेगा।
पीएलएफाई के दो और टीपीसी के एक उग्रवादी को भी 2-2 लाख रुपए
पीएलएफआई का एरिया कमांडर व गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र स्थित रेड़वा बरवाटोली का रुबेन केरकेट्टा और सब जोनल कमांडर व गुमला जिले के गुमला थाना क्षेत्र का रहनेवाला प्रकाश उरांव उर्फ राजन को पुनर्वास अनुदान के तौर पर 2-2 लाख रुपए मिलेगा।
वहीं उग्रवादी संगठन टीपीसी का एरिया कमांडर एवं पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित पचलेवा का अजय प्रसाद उर्फ रौशन को भी पुनर्वास अनुदान का 2 लाख रुपए मिलेगा।