रांची: चौथे साेमवार को शिवालय नहीं पहुंचे श्रद्धालु, ऑनलाइन दर्शन कर की पूजा

सावन मास की चौथी साेमवारी को भी मंदिरों के पट बंद हैं। ऐसे में भगवान भोले नाथ की पूजा लोगों ने घरों में ही की। गली-मुहल्लों में स्थित मंदिर में कुछ श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए भी पहुंचे। वहीं, रांची स्थित पहाड़ी बाबा मंदिर और देवघर के बाबा वैद्यनाथ धाम से ऑनलाइन लाइव पूजा का प्रसारण किया गया। भक्तों ने ऑनलाइन दर्शन कर बाबा से आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्रावणी मेले के दाैरान हर साेमवार को कांवरियों से गुलजार रहने वाला बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में आज भी सन्नाटा पसरा रहा। हर सावन पर सोमवार को जलाभिषेक करने वाले कावरियों की संख्या एक लाख से ऊपर होती थी। पर इस बार कांवरिया पथ वीरान है। हर साल पूरे कांवरिया पथ पर बालू बिछाया जाता था, ताकि कांवरियों को परेशानी न हो।

लेकिन, इस बार मेला नहीं लगने से बारिश के दाैरान पूरा कांवरिया पथ कीचड़ में तब्दील हो गया है। दुम्मा स्थित बाबानगरी प्रवेश द्वार में भी पुलिस के जवान तैनात है, ताकि बिहार से काेई झारखंड की सीमा में प्रवेश ना कर सके।

इधर, रांची पहाड़ी बाबा मंदिर के बाहर सावन के पहले सोमवार से ही लोहे की बैरिकेडिंग लगा दी गई है और पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया है। ताकि बैरिकेडिंग के अंदर श्रद्धालु नहीं आ सके। कुछ श्रद्धालु पहुंचे भी पर उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। इधर, शहर के अन्य शिवालयों में श्रद्धालु इक्का-दुक्का पहुंचे। लेकिन मंदिर के गेट से ही जल अर्पण कर वापस चले गए। श्रद्धालुओं ने भी सोशल डिस्टेंस के महत्व को समझा है और मंदिर में जलाभिषेक करने नहीं पहुंचे।