रांची। वेल्लौर से पहुंची स्पेशल ट्रेन, बिना पैसा का मिला टिकट
- By admin --
- 08 May 2020 --
- comments are disable
रांची। लॉकडाउन फेज 3 में भी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में अभी भी सोशल डिस्टेंस का पालन करते लोग नजर नहीं आ रहे हैं। रांची में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 94 हो चुकी है। नगर निगम की ओर से हर वार्ड को सैनिटाइज किया जा रहा है। इधर, वेल्लौर से शुक्रवार को एक स्पेशल ट्रेन हटिया रेलवे स्टेशन पहुंची।
लॉकडाउन फंसे थे लोग
इस ट्रेन में वैसे मरीजों की संख्या ज्यादा रही, जो वेल्लोर में विभिन्न बीमारियों का इलाज कराने गए थे। पर लॉकडाउन होने की वजह से वहां फंस गए थे। वहीं, हटिया रेलवे स्टेशन पर कई एंबुलेंस भी तैनात किए गए थे। सभी की स्क्रीनिंग के बाद ही उन्हें घर भेजा गया। दूसरे जिले में लोगों को भेजने के लिए प्रशासन ने बस की व्यवस्था कर रखी थी। वेल्लौर स्टेशन से हटिया के लिए खुली श्रमिक स्पेशल ट्रेन का पूरा पैसा झारखंड सरकार से लेने के बाद ही रेलवे ने ट्रेन को रवाना किया।
बिना पैसा का मिला टिकट
यात्री विशाल ने बताया कि स्टेशन पर सभी यात्रियों को टिकट दिया गया, जिसका पैसा नहीं लिया गया। परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि रेलवे ने पैसा लेने के बाद ही ट्रेन का परिचालन शुरु किया। प्रति टिकट 695 रुपए के हिसाब से 8 लाख 34 हजार रेलवे को किराया के मदद में दिया गया है। ज्ञात हो कि झारखंड के हजारों मरीज वेल्लौर में फंसे हुए हैं। नोडल अधिकारी अविनाश कुमार ने इसकी पहल की।
शहर में वाहनों का मूवमेंट बढ़ा
इधर, लॉकडाउन के बावजूद लोग सड़कों पर निकल रहे हैं। शहर में वाहनों का मूवमेंट बढ़ गया है। काफी लोग आना-जाना कर रहे हैं। पुलिस भी इक्के दुक्के लोगों को ही रोककर पूछताछ कर रही हैं। पुलिस की सख्ती नहीं दिखाने का असर शहर के प्रमुख सड़कों पर दिख रहा है।