विधायक बसंत का बेतुका बयान, बोले ‘अंडरगारमेंट्स कम हो गए थे, खरीदने दिल्ली गया था’

झारखंड : ये हैं सीएम हेमंत सोरेन के भाई एवं दुमका के विधायक 

दुमका (Dumka) से झारखंड मुक्ति मोर्चा (Jharkhand Mukti Morcha) के विधायक बसंत सोरेन (Basant Soren) के एक अजीबोगरीब बयान का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. ये वीडियो एक प्रेस कांफ्रेंस का है, जिसमें एक पत्रकार के सवाल पर वो सिर खुजाते और हंसते हुए कह रहे हैं “मेरे अंडरगारमेंट्स कम हो गये थे और इन्हें खरीदने दिल्ली चला गया था.” पत्रकार ने पिछले दिनों झारखंड की राजनीतिक हलचल के बीच उनकी दिल्ली (Delhi) यात्रा के उद्देश्य के बारे में उनसे सवाल पूछा था.

बसंत सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के छोटे पुत्र हैं. उनके विधानसभा क्षेत्र में पिछले दिनों 2 अलग-अलग वारदातों में 2 किशोरियों की हत्या पर पूरे राज्य में सियासी बवाल मचा है.

बसंत सोरेन के वायरल बयान पर बीजेपी ने तंज कसा है. बीजेपी विधायक भानु प्रताप शाही (Bhanu Pratap Shahi) ने ट्विट कर कहा कि, ”जब दुमका की आदिवासी बेटी और बहन की हत्या होती है तो वहां के विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के प्यारे भाई बसंत सोरेन जी उन परिवारों से मिलने की बजाए दिल्ली में अंडर गारमेंट्स खरीदने में मशगूल थे.”

बसंत सोरेन 2020 में दुमका सीट पर हुए उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे. ये सीट उनके बड़े भाई और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की वजह से खाली हुई थी. हेमंत सोरेन वर्ष 2019 में एक साथ 2 विधानसभा क्षेत्रों बरहेट और दुमका से विजयी हुए थे. बाद में उन्होंने दुमका सीट से इस्तीफा दे दिया था.