खूंटी : महिला को फटकार लगाना पड़ा महंगा, अपराधियों कर दी हत्या
- By admin --
- 20 Jul 2020 --
- comments are disable
खूंटी-तमाड़ मुख्य पथ स्थित सारिदकेल गांव की एक महिला की अपराधियों ने धारदार हथियार से काट डाला। घायल अवस्था में घर से घसीटते हुए सड़क पर लाया और बोरी में भरकर नदी में फेंक दिया। तजना नदी के पुल पर भी खून के निशान दिखे। घटना रविवार देर रात की है। वहीं, घटना की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को नदी से शव बाहर निकलवाया।
मृतका की पहचान 25 साल की कोइली मुंडा के रूप में की गई। परिजनों के अनुसार रविवार की रात करीब एक बजे कुछ लोग खिड़की से कमरे में झांक रहे थे। इस पर महिला ने उन्हें फटकार लगाया, लेकिन वो लोग वहां से नहीं गए। इसके बाद महिला और घर की एक बच्ची बाहर निकली। अपराधियों ने महिला को पकड़ लिया और बच्ची को घर के अंदर घुसा दिया।
अपराधियों ने महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वो जख्मी हो गई तो उसे घसीटते हुए सड़क पर ले गए। इसके बाद महिला को बोरा में बांध तजना नदी में फेंक दिया। परिजन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। नदी से बरामद शव के कई हिस्से पर गहरे चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। इधर, घटनास्थल पर पहुंचे एसपी आशुतोष शेखर ने कहा कि हत्या की वजह और हत्यारों की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।