रांची: 25 जुलाई से ऑनलाइन एग्जाम लेने पर बनी सहमति, 25 एजेंडे पर हुई चर्चा

प्रदेश की राजधानी रांची के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में सिंडिकेट की बैठक हुई। इस बैठक में पेंशनर को सातवां वेतनमान देने समेत कुल 25 एजेंडे पर चर्चा हुई और इसे स्वीकृति प्रदान की गई. इसके आलावा अनुकंपा के आधार पर लाभ और नियुक्ति पर सहमति दी गई.

25 जुलाई से ऑनलाइन एग्जाम लेने पर भी सहमति बनी. वहीं, 5 अगस्त से ऑफलाइन तरीके से डीएसपीएमयू कैंपस में सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते हुए परीक्षा का आयोजन कराए जाने पर मुहर लगाई गई.

बता दें कि कोरोना महामारी के बीच आयोजित इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रमोशन से संबंधित एक प्रस्ताव पर सिंडिकेट के सदस्यों ने मुहर लगाई है और इस प्रस्ताव को अब अधिसूचित करने के लिए राज्य सरकार के पास भेजा जा रहा है. एमएससीपी और एसीपी का लाभ थर्ड -फोर्थ ग्रेड के कर्मचारियों को दिए जाने को लेकर भी सहमति प्रदान की गई.

गेस्ट फैकल्टी की मानदेय  पर चर्चा

अनुबंधित शिक्षकों को प्रतिमाह 15 हजार रुपये दिए जाने को लेकर चर्चा के बाद स्वीकृति दी गई है. वहीं गेस्ट फैकल्टी को भी मानदेय दिए जाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया. फिर इनसे जुड़े प्रस्ताव को सहमति प्रदान की गई. चांसलर पोर्टल के जरिये नामांकन लेने को लेकर भी सहमति प्रदान की गई. वित्त विभाग की ओर से भी एजेंडा रखा गया. इसमें विश्वविद्यालय के पठन-पाठन संबंधित इक्युपमेंट पर हो रहे खर्च का ब्यौरा, कोविड-19 की अवधि में सेनेटाइजेशन पर हो रहे खर्च का हिसाब और उसके भुगतान पर भी बैठक में चर्चा हुई. पेंशनर को सातवें वेतन का लाभ दिया जाएगा, इस पर भी सहमति बनी है.

ऑफलाइन एग्जाम 5 अगस्त से

एग्जामिनेशन विभाग की ओर से पारित प्रस्ताव के तहत ग्रेजुएशन सिक्स सेमेस्टर और पोस्ट ग्रेजुएशन फोर्थ सेमेस्टर का एग्जाम ऑनलाइन और ऑफलाइन कराए जाने पर अंतिम मुहर लगा दी गई. 25 जुलाई से एमसीए -एमसीआईटी, जीआईएफ का ऑनलाइन एग्जाम होगा और 5 अगस्त से ऑफलाइन एग्जामिनेशन लिया जाएगा. तमाम एग्जाम सितंबर के अंत तक खत्म हो जाएंगे. फाइनल ईयर के एग्जाम की तैयारी की जा रही है .डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति एसएन मुंडा की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीएसडब्ल्यू ,रजिस्ट्रार,एग्जामिनेशन कंट्रोलर समेत सिंडिकेट के तमाम सदस्य शामिल हुए.