गिरिडीह। मकान मालिक का बेटा ही निकला बैंक में चोरी मामले का मास्टरमाइंड,तीन गिरफ्तार

गिरिडीह।  जमुआ थाना क्षेत्र के ब्लॉक रोड में संचालित झारखंड स्टेट कॉपरेटिव बैंक लिमिटेड मिर्जागंज शाखा में चोरी मामले का उद्द्भेदन पुलिस ने कर लिया है। पुलिस ने इस कांड के मास्टरमाइंड समेत तीन को दबोच लिया है। वहीं इनके पास से चोरी किये गए रुपयों की बरामदगी कर ली गई है।

दो लाख रुपये की हुई थी चोरी

एसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि 18 मई की रात में अज्ञात अपराधियों के द्वारा दरवाजा का पैनल व अलमीरा तोड़ कर शाखा से 2 लाख 6 सौ 43 रुपये की चोरी कर ली गई थी। घटना के बाद शाखा प्रबंधक अरुण सिंह के आवेदन पर कांड संख्या 103/2020 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच के लिए एसआईटी हुई थी गठित

वहीं उनके द्वारा खोरीमहुआ एसडीपीओ नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर जांच की गई। बताया कि जांच के दौरान गुप्तचर व तकनीकी सहयोग से कांड में शामिल रवि कुमार, अशोक मिस्त्री और लालो उर्फ लालजीत साव को गिरफ्तार किया गया।

60 से अधिक राशि हुई खर्च

गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर रवि कुमार के पास से 60 हजार 9 सौ, लालजीत के पास से 52 हजार और अशोक मिस्त्री के पास से 24 हजार 3 सौ रुपये, एक हथौड़ी, पेचकस, तीन मोबाइल बरामद किए गए। इसके साथ ही 63 हजार 443 रुपये इनलोगों ने खर्च कर दिए जाने की बात स्वीकार कर ली है।