भारत के लिए अच्छी खबर, दो साल में सबसे कम आयात !

भारत के लिए अच्छी खबर: टैरिफ वार के बीच देश का व्यापार घाटा साढ़े तीन साल में सबसे कम, आयात दो साल में सबसे कम

दुनियाभर में टैरिफ वार के बीच आयात में गिरावट से देश का व्यापार घाटा फरवरी, 2025 में कम होकर 14.05 अरब डॉलर रह गया। यह अगस्त, 2021 के बाद इसका साढ़े तीन साल का निचला स्तर है। खास बात है कि व्यापार घाटा अर्थशास्त्रियों के 21.65 अरब डॉलर के पूर्वानुमान से काफी कम है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पेट्रोलियम कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक अनिश्चितताओं की वजह से भारत से वस्तुओं का निर्यात लगातार चौथे महीने घटकर 36.91 अरब डॉलर रह गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 41.41 अरब डॉलर रहा था। इस अवधि में आयात भी घटकर करीब दो साल के निचले स्तर 50.96 अरब डॉलर पर आ गया। यह अप्रैल, 2023 के बाद सबसे कम आयात है। फरवरी, 2024 में कुल 60.92 अरब डॉलर का आयात किया गया था।