चतरा। 26 किलो अफीम के साथ एक तस्कर गिरफ्तार,बाजार में कीमत 25 लाख

चतरा। चतरा जिला में अफीम तस्कर पर पुलिस लगातार लगाम लगा रही है। बीते दिनों में कम से कम 100 केजी से ज्यादा अफीम बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने लोवागाड़ा गांव से 26 किलो अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर नीतीश कुमार वर्मा से पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण कुमार रजक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ऋषव कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि लोवागाड़ा गांव निवासी नीतीश कुमार वर्मा के घर में तस्करी के उद्​देश्य से भारी मात्रा में अफीम रखा हुआ है।

26 किलो गीला अफीम बरामद

पुलिस अधीक्षक ने एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया। छापेमारी दल ने उसके घर की तलाशी ली। तलाशी के क्रम में 26 किलो गीला और 125 ग्राम तैयार अफीम बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर से ही उसे गिरफ्तार कर लिया। अभियान में पुलिस निरीक्षक प्रमोद पांडेय सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।