CUJ PG Admission 2026-27: एससी-एसटी विशेष राउंड में मिलेगा प्रवेश का मौका, जानें पूरी प्रक्रिया
- By rakesh --
- 16 Sep 2026 --
- comments are disable
रांची: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पीजी कार्यक्रमों में बची हुई सीटों पर प्रवेश के लिए एससी/एसटी विशेष राउंड सह मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। यह प्रक्रिया उन कार्यक्रमों और श्रेणियों में उपलब्ध रिक्त सीटों के लिए होगी, जहां प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखें जारी कर दी गई हैं। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।
16 से 23 सितंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
सीयूजे में पीजी प्रवेश के इस विशेष राउंड के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 16 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक किया जा सकेगा। पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों की सूची 25 सितंबर को जारी की जाएगी।
इसके बाद चयन प्रक्रिया के अगले चरण में दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर विश्वविद्यालय में उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों की जांच करानी होगी।
28 सितंबर को होगा दस्तावेज सत्यापन
पंजीकृत अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन 28 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सत्यापन के समय अपने मूल दस्तावेजों के साथ उनकी फोटो कॉपी भी लेकर आनी होगी।
प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों का चयन प्रवेश योग्यता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। संबंधित पीजी कार्यक्रमों और श्रेणियों में उपलब्ध रिक्त सीटों की डायनेमिक सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
29 सितंबर को जमा करना होगा प्रवेश शुल्क
दस्तावेज सत्यापन के बाद चयनित अभ्यर्थियों को 29 सितंबर 2026 को प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। विश्वविद्यालय ने पंजीकरण/काउंसलिंग शुल्क भी श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया है।
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 800 रुपये, एससी/एसटी अभ्यर्थियों के लिए 400 रुपये और PwD तथा सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये निर्धारित किया गया है। यह शुल्क गैर-वापसी योग्य होगा।
CUET PG-2025 अभ्यर्थी भी कर सकते हैं आवेदन
इस विशेष राउंड में CUET (PG)-2025 में शामिल अभ्यर्थी भी हिस्सा ले सकते हैं, बशर्ते वे संबंधित कार्यक्रम की निर्धारित पात्रता पूरी करते हों। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को वैध आरक्षण प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
वहीं, ऐसे विद्यार्थी जो शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अपने पसंदीदा कार्यक्रम में पहले ही प्रवेश ले चुके हैं, वे इस विशेष प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे पंजीकरण, दस्तावेज सत्यापन और शुल्क जमा करने की निर्धारित तिथियों का ध्यान रखें और संबंधित पीजी कार्यक्रम की पात्रता तथा उपलब्ध सीटों की जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी सूची से प्राप्त करें।
यह भी पढ़ें: Hajj 2027: हज यात्रियों को बड़ी राहत, मेडिकल स्क्रीनिंग की अंतिम तारीख बढ़कर 30 सितंबर