SC ने सुशांत मौत मामले में CBI जांच के दिए आदेश, पटना में दर्ज FIR सही

देश की सबसे बड़ी अदालत सुप्रीम कोर्ट ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में बुधवार को अपना अहम फैसला सुना दिया है, जिसका पूरे देश को बेसब्री से इंतजार था।

सुप्रीम कोर्ट  ने सुशांत सिंह राजपूत  मौत मामले में CBI जांच के आदेश दे दिए हैं। बता दें कि लंबे समय से सुशांत का परिवार और उनके फैंस CBI जांच की मांग कर रहे थे। इसके साथ ही सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में बुधवार को सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पटना में दर्ज FIR सही थी।

महाराष्ट्र राज्य ने आदेश को चुनौती देने से इनकार कर दिया है। साथ ही मुंबई पुलिस को जांच में सहयोग करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस को बड़ा झटका लगा है।

कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए यह माना कि मुंबई पुलिस ने इस केस में जांच नहीं की है बल्कि केवल इन्‍क्‍वायरी की है। कोर्ट ने साफ कर दिया है कि इस केस जुड़े हर मामले को अब CBI ही देखेगी। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि सुशांत मामले में आगे कोई भी FIR इस मामले में दर्ज हुई तो CBI ही देखेगी।

सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के लिए बड़ी जीत-वकील विकास सिंह 

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सुशांत सिंह राजपूत के पिता के वकील विकास सिंह ने कहा कि आज सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के लिए बड़ी जीत है। सुप्रीम कोर्ट ने आज बड़े स्पष्ट शब्दों में कह दिया है कि मुंबई पुलिस ने जो जांच की थी उसका दायरा बहुत सीमित था।

उन्होंने आगे कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सबसे बड़ी बात ये कही है कि हम CBI जांच को अपने कोर्ट का भी स्टैम्प दे रहे हैं और कोर्ट की तरफ से भी कह रहे हैं कि जांच CBI से होनी चाहिए। कोर्ट ने ये भी कहा है कि कोई भी मामला जो सुशांत सिंह से जुड़ा है अगर उसमें कोई FIR दर्ज होती है तो वो जांच भी CBI ही करेगी।

बहुत खुश हूं ये अन्याय के विरुद्ध न्याय की जीत है -बिहार  डीजीपी 

सुशांत सिंह मामले पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा CBI जांच का आदेश देने पर बिहार के DGP ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं ये अन्याय के विरुद्ध न्याय की जीत है। सर्वोच्च न्यायालय ने जो फैसला दिया है उससे 130 करोड़ जनता के दिल में माननीय सुप्रीम कोर्ट के लिए जो आस्था थी वो और ज्यादा दृढ़ हुई है।