भाजपा प्रदेश कार्यालय में विमला प्रधान को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

भाजपा प्रदेश कार्यालय में विमला प्रधान को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, नेताओं ने किया अंतिम दर्शन

भाजपा प्रदेश कार्यालय लाया गया विमला प्रधान का पार्थिव शरीर

रांची: भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री, झारखंड सरकार की पूर्व मंत्री और आदिवासी समाज की प्रमुख आवाज विमला प्रधान के निधन के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय, रांची में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनका पार्थिव शरीर पार्टी कार्यालय लाया गया, जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रो. आदित्य साहू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंतिम दर्शन किए।

इस दौरान विमला प्रधान के पार्थिव शरीर पर भाजपा का झंडा ओढ़ाया गया और नेताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया।

आदित्य साहू ने बताया अपूरणीय क्षति

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रो. आदित्य साहू ने कहा कि विमला प्रधान का निधन भारतीय जनता पार्टी, आदिवासी समाज और पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि विमला प्रधान सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व की धनी थीं।

आदित्य साहू के अनुसार, विधायक के रूप में विमला प्रधान ने अपने क्षेत्र में अलग पहचान बनाई थी। संगठन के कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। पार्टी के प्रति उनका समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय व्यवहार हमेशा स्मरण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विमला प्रधान का जाना भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस होती रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की।

कर्मवीर सिंह ने भी याद किया योगदान

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी विमला प्रधान को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि विमला प्रधान आदिवासी समाज की एक प्रमुख नेत्री थीं और उन्होंने हमेशा संगठन के कार्यों को प्राथमिकता दी।

कर्मवीर सिंह ने कहा कि पार्टी के प्रति विमला प्रधान की निष्ठा, सक्रियता और कार्यकर्ताओं के साथ उनके आत्मीय संबंध हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन से भाजपा और समाज ने एक समर्पित जननेता को खो दिया है।

बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

प्रदेश कार्यालय में मौजूद भाजपा नेताओं ने विमला प्रधान के सरल व्यवहार, जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और सामाजिक योगदान को स्मरण किया। नेताओं ने कहा कि उनके कार्य और विचार पार्टी के कार्यकर्ताओं को आगे भी प्रेरित करते रहेंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, डॉ. यदुनाथ पांडेय, नीलकंठ सिंह मुंडा, मनोज सिंह, गणेश मिश्रा, शालिनी वैशिखयार, हेमंत दास, समीर उरांव, सुदर्शन भगत, नीरा यादव, अशोक बड़ाईक, प्रकाश सिंह, संदीप वर्मा, शोभा यादव, आरती कुजूर, के.के. गुप्ता, नीरज सिंह, सतीश सिन्हा, मनोज वाजपेयी, सीमा सिंह, सनी टोप्पो, मनोज दुबे, संजय चौधरी, अनिल सिंह, अनीता भाटिया, माया सिंह पटेल, सीमा शर्मा, प्रभु दयाल बड़ाईक, पिंकी खोया, प्रेम मित्तल, वरुण साहू, अंजली कश्यप, नूतन पहन और अनीता वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शुभचिंतक मौजूद रहे।

सभी ने विमला प्रधान का अंतिम दर्शन किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

यह भी पढ़ें: MMDR अधिनियम पर 19 से 30 सितंबर तक जागरूकता अभियान चलाएगी भाजपा: आदित्य साहू