रांचीः राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 22 सौ के पार

रांचीः राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 22 सौ के पार

रांचीः राज्य में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 66 नए मरीज मिले हैं। इनमें सबसे अधिक 24 पॉजिटिव मरीज सिमडेगा से, उसके बाद जमशेदपुर से 13 संक्रमित मिले। धनबाद में भी सात नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। सभी सात मरीज एक ही परिवार के हैं।

 ये 7 संक्रमित मरीज सोमवार को पॉजिटिव पाए गए एक सरकारी डॉक्टर के परिजन हैं। नए मरीजों के मिलने के बाद राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2207 पहुंच गई है।

राज्य में प्रति 1000 सैंपल में मिल रहे 25 मरीज 

सप्ताह दर सप्ताह राज्य में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हो रही है। आज से तीसर सप्ताह के पहले यानी 3-10 जून के बीच राज्य भर में सैंपलों की जांच में पॉजिटिव मिलने का प्रतिशत 3.11 था। उसके दूसरे सप्ताह (10-16 जून) के दौरान राज्य में 0.41 की कमी के साथ यह घटकर 2.7 हुआ।

1000 सैंपलों में 25 लोगों  की संक्रमण पुष्टि

पिछले सप्ताह राज्य में मरीज मिलने का प्रतिशत 0.2 घटकर 2.7 की जगह 2.5 रह गया है। इस तरह दो सप्ताह पहले जहां राज्य में 1000 सैंपलों की जांच में 31 से अधिक व्यक्ति संक्रमित मिल रहे थे। अब 1000 सैंपलों की जांच में 25 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है। संक्रमण घटने का परिणाम है कि राज्य की साप्ताहिक डबलिंग रेट भी काफी कम हो गया है। आईडीएसपी के स्टेट इंचार्ज डॉ राकेश दयाल के अनुसार वर्तमान साप्ताहिक ट्रेंड के हिसाब से राज्य में 24.22 दिनों में मरीज दुगना हो रहे हैं।

राज्य में कोरोना रिकवरी रेट 69.31 

पिछले 24 घंटे में 51 मरीज ठीक होकर घर भी लौटे हैं। इसके साथ ही राज्य में रिकवरी रेट 69.31 फीसदी हो गई है। लॉकडाउन में प्रवासियों की घर वापसी के बाद राज्य में लगातार कोरोना के केस बढ़ते जा रहे हैं। वहीं ठीक होने का आकंड़ा भी बढ़ रहा है। राज्य में अब तक 1784 प्रवासियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि राज्य में कुल मरीजों के ठीक होने का आकंड़ा बढ़कर 1520 पहुंच गया है।