लातेहार: महिला व दो बच्चों के शव कुएं से बरामद, दो दिन से थे घर से गायब
- By admin --
- 15 Aug 2020 --
- comments are disable
लातेहार जिले के बालूमाथ थाना अंतर्गत पिण्डरकोम ग्राम की एक महिला और उसके दो अबोध बच्चों के शव को कुएं से बरामद किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला अपने दो बच्चों के साथ घर से गुरुवार से अपने घर से गायब थी और परिजन खोजबीन कर रहे थे।
शुक्रवार को तीनों का शव गांव के बगल के एक कुएं से बरामद किया गया। मृत महिला और उसके बच्चों की पहचान पिण्डरकोम ग्राम निवासी मिथुन यादव की पत्नी की मालती देवी (28 साल), बेटी रानी कुमारी (तीन वर्ष) और दस माह के पुत्र के रूप में की गई। मृतका तीन बच्चों की मां थी। छह साल का बड़ा बच्चा अपने दादा के पास सुरक्षित है।
महिला के ससुर राजेन्द्र यादव ने बताया कि उनकी बहू मानसिक रूप से कुछ कमजोर थी एवं पहले भी कभी अकेले या बच्चा लेकर गायब हो जाया करती थी।
मृतकों के परिजनों ने बताया कि गुरुवार को वह अपने दोनों बच्चों को लेकर गायब हो गई थी। काफी खोजबीन करने के बाद शुक्रवार को गांव के बगल के एक कुएं में दोनों बच्चों का शव तैरते हुए मिला। काफी प्रयास के बाद झग्गर लगाकर महिला का भी शव कुएं से खोजकर निकाला गया।
मृतका का मायके चतरा जिला अंतर्गत टंडवा थाना क्षेत्र के धनगड्डा पंचायत के बिरबिर गांव में था। मृतका बिरबिर गांव के पूरन यादव की पुत्री थी तथा आठ साल पहले उसकी शादी हुई थी। बालूमाथ थाना पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर बालूमाथ थाना ले आई।
रात होने की वजह से अभी पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। पुलिस द्वारा 15 अगस्त की सुबह तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा जाएगा। पुलिस द्वार मामले की जांच की जा रही है।