हेमंत सोरेन को मिला रांची के पूजा पंडालों का न्योता, विसर्जन और नशामुक्ति पर CM ने कही बड़ी बात
- By rakesh --
- 07 Oct 2026 --
- comments are disable
रांची: दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट किया। साथ ही उन्हें सपरिवार रांची के विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण करने और महाआरती में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया पूजा पंडालों का न्योता
पूजा समितियों के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिला प्रशासन की ओर से पूजा आयोजन को लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं और समितियों की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग दिया जा रहा है। समितियों ने आने वाले समय में भी इसी तरह के सहयोग की अपेक्षा जताई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस वर्ष भी राजधानी में विभिन्न स्थानों पर पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का निमंत्रण स्वीकार किया और दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होने तथा विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर मां दुर्गा के दर्शन करने की बात कही।
इको-फ्रेंडली मूर्ति विसर्जन पर CM का जोर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूजा समितियों से धार्मिक परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के बाद तालाबों और अन्य जलाशयों पर पड़ने वाले पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने के लिए प्रशासन और पूजा समितियों के बीच समन्वय जरूरी है।
उन्होंने पूजा समितियों को ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने का सुझाव दिया, जहां आस्था और परंपरा के अनुरूप इको-फ्रेंडली तरीके से मूर्ति विसर्जन किया जा सके।
पंडालों में नशा मुक्ति का संदेश देने की अपील
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता से जुड़े होर्डिंग और बैनर लगाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सामाजिक और धार्मिक संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी पंडालों में नशा मुक्ति से जुड़े संदेश प्रदर्शित करने और उद्घोषणा के माध्यम से लोगों, खासकर युवाओं को जागरूक करने की बात कही।
सुरक्षा, बिजली-पानी और ट्रैफिक व्यवस्था पर निर्देश
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
मुलाकात के दौरान रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में जमीन फर्जीवाड़े पर ACB का शिकंजा, तीन कथित विक्रेता गिरफ्तार