रांची में वन्यजीव संरक्षण को लेकर वॉकथॉन

रांची में वन्यजीव संरक्षण को लेकर वॉकथॉन, 3 हजार लोगों ने दिया जागरूकता का संदेश

रांची: वन्यजीव संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार की ओर से वन्यजीव सप्ताह के तहत वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इसमें करीब 2,500 से 3,000 विद्यार्थियों, युवाओं, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों और प्रकृति प्रेमियों ने हिस्सा लिया।

वन भवन से हुआ वॉकथॉन का शुभारंभ

वॉकथॉन की शुरुआत वन भवन, रांची से हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ गुब्बारे उड़ाकर और हस्ताक्षर अभियान के साथ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं हेड ऑफ फोर्स संजीव कुमार (आईएफएस) ने कहा कि वन्यजीव जंगलों, प्रकृति के संतुलन और स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से सीधे जुड़ा है।

युवाओं की भागीदारी को बताया जरूरी

संजीव कुमार ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है। वॉकथॉन जैसे आयोजनों के जरिए युवाओं और विद्यार्थियों को प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने का अवसर मिलता है।

इसके बाद पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ एवं मुख्य वाइल्डलाइफ वार्डन रवि रंजन (आईएफएस) ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की समृद्ध वन संपदा और जैव-विविधता राज्य की अमूल्य प्राकृतिक विरासत है।

अरगोड़ा, बिरसा चौक और हिनू से गुजरा वॉकथॉन

वॉकथॉन वन भवन से शुरू होकर अरगोड़ा, बिरसा चौक और हिनू होते हुए निर्धारित मार्ग से वापस वन भवन पहुंचा। पूरे रास्ते प्रतिभागियों ने वन्यजीव संरक्षण, जैव-विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से वन्यजीवों, वनों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की। साथ ही पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया गया।