नाबालिग के साथ उसके ही घर में घुसकर दुष्कर्म की वारदात !

राँची। जिले के नामकुम इलाके में बुंडू की रहने वाली एक 15 वर्षीय नाबालिग के साथ उसके ही घर में घुसकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पीड़िता की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे लहूलुहान अवस्था में गंभीर स्थिति में रिम्स भर्ती कराना पड़ा।

नामकुम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पीड़िता अपनी मां के साथ नामकुम के बरगावां इलाके स्थित एक किराए के मकान में रहती है। आरोपी 35 वर्षीय गुरुदयाल मुंडा (पिता- घासी राम मुंडा), जो बुंडू के करांबो का निवासी है, का पीड़िता के घर अक्सर आना-जाना था।

जान-पहचान और नजदीकी के कारण वह कई बार रात में भी वहीं रुक जाता था। 16 अगस्त की रात भी गुरुदयाल इसी मकान में ठहरा हुआ था। देर रात करीब 12 बजे, जब नाबालिग की मां घर के दूसरे हिस्से में सो रही थी, तब आरोपी ने मौका पाकर मासूम को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया।

थाना प्रभारी ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुरुदयाल मुंडा कोई नौसिखिया अपराधी नहीं है। वह पूर्व में भी दुष्कर्म के ही एक अन्य मामले में जेल की हवा खा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।