गुमलाः लाठी-डंडे से पीटकर विजय की हुई हत्या,तीन लोग हिरासत में
- By admin --
- 11 Jul 2020 --
- comments are disable
घाघरा थाना क्षेत्र के आदर चट्टी गांव में 36 वर्षीय विजय उरांव की लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह जब परिजनों को इसकी सूचना मिली तो पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
लाठी-डंडे से पीटकर हत्या
युवक की पत्नी रंथि देवी ने बताया कि विजय शुक्रवार दोपहर में खाना खाकर घर से निकला। इसके बाद से देर रात तक घर नहीं आया। काफी खोजबीन के बाद भी देर रात तक उसका पता नहीं चला। सुबह सूचना मिली कि चट्टी गांव के बरतिया उरांव के घर में उसका शव पड़ा हुआ है।
पत्नी और ग्रामीणों का कहना है कि बरतिया के घर में ही विजय उरांव की हत्या लाठी-डंडे से पीट-पीटकर की गई है। बताया जा रहा है कि विजय उरांव खेती और दैनिक मजदूरी कर परिवार चलाता था। विजय का एक 16 साल का बेटा उज्जवल उरांव है।
महिला को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया
इधर, घाघरा थाना प्रभारी सुधीर प्रसाद साहू ने संदिग्ध बरतिया उरांव व उसके दो बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाना पहुंची। उधर, गांव की महिलाओं ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए बरतिया उरांव की पत्नी शांति देवी को भी आरोपी बताते हुए थाना लेकर पहुंची।
महिलाओं का आरोप है कि जब बरतिया के घर में घटना हुई है और घटना से संबंधित सबूत को मिटाने का काम शांति ने किया तो फिर पुलिस ने उसे क्यों नहीं गिरफ्तार किया। इसलिए महिलाओं ने शांति को पकड़ कर घाघरा थाना के हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी का रटा-रटाया जवाब
घटना के संबंध में थाना प्रभारी सुधीर प्रसाद साहू से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हत्या की सूचना के बाद शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।