रांचीः कमालगंज से मुक्त हुई गुमला की बेटी, 45 हजार में बेचा था तस्करों ने

मानव तस्करों द्वारा उत्तर प्रदेश के कमालगंज में बेची गयी पालकोट प्रखंड की युवती को ठेकेदार के चंगुल से मुक्त करा लिया गया है। कमालगंज की पुलिस ने युवती को बरामद कर उसके पिता को सौंप दिया है।

पिता अपनी बेटी को लेकर कमालगंज से पालकोट के लिए रवाना हो चुके हैं। बुधवार की सुबह तक पिता अपनी बेटी को लेकर पालकोट पहुंचेंगे। युवती को मानव तस्करों ने कमालगंज में एक व्यक्ति को बेच दिया था। खरीदार व्यक्ति ने युवती से शादी करने के लिए उसकी बोली 45 हजार रुपये लगाकर खरीदा था।

लेकिन, जैसे ही इसकी जानकारी पालकोट प्रखंड के कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता को हुई। उन्होंने पहल करते हुए उत्तर प्रदेश की पुलिस की मदद ली और युवती को मुक्त कराया गया।