रांची : पत्नी साक्षी धोनी के फैसले पर हुईं भावुक, जानें खास संदेश में उन्होंने क्या लिखा
- By admin --
- 16 Aug 2020 --
- comments are disable
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास ले लिया। इस फैसले से उनके लगभग 16 साल के अंतरराष्ट्रीय कैरियर का अंत हो गया। धोनी द्वारा अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया और लिखा कि अब उन्हें रिटायर समझा जाए।
धोनी के इस फैसले से उनके प्रशंसक स्तब्ध है, वहीं धोनी की पत्नी साक्षी धोनी ने अपने पति के इस फैसले पर उनको अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि उन्होंने इस गेम में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
एमएस धोनी आखिरी बार 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में टीम इंडिया की नीली जर्सी में दिखे थे, उसके बाद से कई बार उनके संन्यास को लेकर अफवाहें उड़ी, लेकिन 15 अगस्त शाम 7.29बजे धोनी के फैसले के साथ ही भारतीय क्रिकेट के एक शानदार काल का अंत हो गया।
भारत के साथ-साथ दुनियाभर में धोनी के फैन और विदेशी क्रिकेटरों ने भी खेल के सबसे बेहतरीन दिमागों में से एक धोनी के योगदान को याद किया। इन सबके बीच उनकी पत्नी साक्षी सिंह धोनी ने भी एक बेहद खास संदेश के साथ धोनी के इस फैसले पर प्रतिक्रिया दी।
उपलब्धियों पर बतौर इंसान आप पर गर्व है -साक्षी
साक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंड पर धोनी की एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा- आपने जो कुछ भी हासिल किया, उस पर आपको गर्व होना चाहिए। खेल को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए आपको बधाई। मुझे आपकी उपलब्धियों पर बतौर इंसान आप पर गर्व है।
साक्षी ने साथ ही इस बात का भी जिक्र किया कि क्रिकेट को छोड़ने का फैसला माही के लिए जज्बातों से भरा होगा। उन्होंने लिखा-‘मुझे यकीन है कि अपने पैशन को अलविदा कहते वक्त आपने अपने आंसुओं को रोके रखा होगा। आपको अच्छा स्वास्थ्य, खुशियां और आने वाले वक्त में शानदार चीजों के लिए शुभकामनाएं।
मैच फिनिशिंग और कप्तानी से लोगों को फैन बनाया
भारत के लिए 500 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले एमएस धोनी ने अपनी मैच फिनिशिंग और कप्तानी से लोगों को फैन बनाया था। दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में उनकी गिनती होती है। धोनी ने भारत को न सिर्फ पहला टी-20 वर्ल्ड कप जिताया, बल्कि 28 साल बाद भारत को वर्ल्ड चैंपियन भी बनाया। साथ ही टेस्ट क्रिकेट में भी टीम इंडिया को पहली बार नंबर 1 बनाने का श्रेय धोनी को ही जाता है।