चंद्रबाबू नायडू ने वित्तीय पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का रखा सुझाव
- By rakesh --
- 01 Jun 2025 --
- comments are disable
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक बार फिर देश में वित्तीय पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की दिशा में एक साहसिक सुझाव रखा है। उन्होंने 500 और उससे अधिक मूल्य के नोटों को चलन से बाहर करने की अपील की है। उनका मानना है कि उच्च मूल्य के नोटों को हटाकर देश को पूरी तरह डिजिटल लेनदेन की ओर ले जाया जा सकता है, जिससे न केवल भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी, बल्कि अर्थव्यवस्था भी अधिक पारदर्शी बनेगी।
तेलुगु देशम पार्टी के तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन ‘महनाडु सभा’ में बोलते हुए नायडू ने न केवल 500 और 2000 रुपये के नोटों को बंद करने की बात कही, बल्कि डिजिटल भुगतान को अपनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि देश को नकदी पर निर्भरता से बाहर लाने का समय आ गया है।
नायडू ने बताया कि उन्होंने पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिजिटल करेंसी पर रिपोर्ट सौंपी थी और सुझाव दिया था कि यदि जरूरत हो तो 500, 1000 और 2000 रुपये के नोटों की छपाई पूरी तरह रोक दी जाए। इससे न केवल काले धन पर नियंत्रण होगा, बल्कि हर लेन-देन को ट्रैक करना आसान हो जाएगा।