डीके अड़े थे, फिर एक कॉल, रात की पूरी कहानी:रात 2 बजे सब तय, डीके के बिना कोई फैसला नहीं लेंगे सिद्धारमैया

 

कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री 75 साल के सिद्धारमैया होंगे। वे ढाई साल CM रहेंगे, फिर डीके शिवकुमार को CM बनाया जाएगा। चार दिन से चल रही उठापटक के बीच बुधवार रात को यह फैसला लिया गया। बुधवार रात को क्या-क्या हुआ और डीके को कैसे मनाया गया।

रात के 10:15 बज रहे थे। सिद्धारमैया कर्नाटक कांग्रेस के इंचार्ज रणदीप सुरजेवाला के साथ मीटिंग कर रहे थे। उनके साथ कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल भी थे। 10:38 बजे कांग्रेस नेता अजय सिंह ने कहा कि ‘आज ही रात आखिरी निर्णय ले लिया जाएगा। कोई खास दिक्कत नहीं है।’

इधर रणदीप सिंह सुरजेवाला केसी वेणुगोपाल के घर पहुंचते हैं और फिर बातचीत शुरू होती है। यही वो मीटिंग थी जिसमें डीके शिवकुमार को डिप्टी CM के लिए मना लिया गया। मीटिंग करीब 1 बजे तक चलते रही। इसमें पहले खड़गे ने डीके को मनाया। तमाम दलीलें रखीं। प्रियंका-राहुल ने भी बात की।

जब बात नहीं बन रही थी तो फिर डीके की सोनिया गांधी से बात करवाई गई। सोनिया शाम को डीके से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बात कर चुकी थीं, लेकिन उसमें बात नहीं बन पाई थी। रात में उन्होंने फोन कॉल पर डीके से बात की।

डीके को साफ बताया गया, ‘कर्नाटक में कोई भी डिसीजन उनकी सहमति के बिना नहीं लिया जाएगा। सिद्धारमैया को भले ही सीएम बनाया जा रहा है, लेकिन उन्हें हर निर्णय में डिप्टी सीएम की सहमति लेनी ही होगी। साथ ही डीके को यह भी कहा गया कि आपकी पसंद के विधायकों को वो पोर्टफोलियो दिए जाएंगे, जो वो चाहते हैं। ढाई साल सिद्धारमैया CM रहेंगे, फिर आपको CM बना दिया जाएगा।’

कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला रात में महासचिव केसी वेणुगोपाल के घर से निकले। मीडियावालों को देख हाथ जोड़े और निकल गए।
सिद्धारमैया चुने गए कांग्रेस विधायक दल के नेता, राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का पेश किया दावा

कांग्रेस ने कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर सिद्धारमैया के नाम की घोषणा की है. बेंगलुरु में 20 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा.