उप राष्ट्रपति उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी रांची पहुंचे
- By rakesh --
- 30 Aug 2025 --
- comments are disable
उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी रांची पहुंचे: कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत
रांची:उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए आगामी 9 सितंबर को होने वाले मतदान से पहले सत्तारूढ़ राजग (NDA) और इंडिया गठबंधन के बीच मुकाबला तेज हो गया है। इस चुनाव में एनडीए की ओर से सी.पी. राधाकृष्णन और इंडिया गठबंधन की ओर से बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला होने वाला है।
इसी क्रम में शनिवार को इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने किया। इसके बाद वे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उनकी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात निर्धारित है। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री आवास में प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया गया है।
बी. सुदर्शन रेड्डी का रांची आगमन इंडिया गठबंधन को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। मौके पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह, लोहरदगा सांसद सुदर्शन भगत, कांग्रेस महासचिव आलोक दुबे समेत कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बता दें,यह दौरा उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले झारखंड में इंडिया गठबंधन की एकजुटता को मजबूती देने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।