रांची। सेवा ही संगठन के संकल्प को साकार कर रही है भाजपा: प्रदीप वर्मा
- By rakesh --
- 07 May 2021 --
- comments are disable
प्रदेश भर में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा कार्य जारी
रांची। कोरोना संक्रमण को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा ही संगठन अभियान 02 के तहत पूरे प्रदेश में राहत कार्य जारी है। प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश के निर्देशानुसार पार्टी कार्यकर्ता मरीजों, गरीबों व जरूरतमंदो की सेवा में लगे हैं। प्रत्येक दिन मरीजों के घरों में भोजन पहुंचाना, फेस कवर वितरण, जरूरतमंदों तक राशन किट उपलब्ध कराया जा रहा है। हेल्पलाइन के तहत आ रहे परेशानियों का समुचित समाधान, जरूरतमंदों को बेड, ऑक्सीजन, दवा और डॉक्टर की सलाह दी जा रही है।
जागरुकता अभियान चला रहे हैं कार्यकर्ता
उन्होंने कहा कि अब तक 12295 फेस कवर बांटे गए, 2530 घरों में भोजन दिया गया, 4242 लोगों को राशन किट वितरण किया गया, दो गज की दूरी मास्क जरूरी और स्वास्थ्य जानकारी में 375 कार्यकर्ता लगकर लोगों के बीच जागरूकता अभियान चला रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण हो इसके लिए 346 कार्यकर्ता लगे हुए हैं। जबकि 152 कार्यकर्ता वरिष्ठ नागरिक बुजुर्गों की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन के माध्यम से 4340 मामलों का निष्पादन किया गया। लोगों की परेशानियों का निराकरण किया गया। 317 लोगों को अस्पतालों में बेड की व्यवस्था की गई। 219 लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर, 410 लोगों को दवाई दी गई। और 3208 लोगों को चिकित्सीय सलाह दी गई।
वर्मा ने बताया कि कोविड संक्रमण से निपटने के लिए पार्टी द्वारा लगातार जिला स्तर पर भी कार्य कर रही है। सांसद विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी सेवा अभियान चलाया जा रहा है। मरीजों की समस्याओं को निपटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के राजनीतिक इतिहास में भारतीय जनता पार्टी ने सेवा भाव के साथ कदम रखा, और सत्ता को जनता की सेवा का साधन मात्र मानकर यात्रा शुरू की। COVID-19 कोरोना वायरस की महामारी से उत्पन्न चुनौती और खतरे से निपटने के लिए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी सभी आवश्यक कदम उठा रही है।