मतदाता पहचान पत्र के लंबित आवेदनों का जल्द करें डिस्पोजल : के रविकुमार

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

मतदाता पहचान पत्र के लंबित आवेदनों का जल्द से जल्द करें डिस्पोजल – के. रवि कुमार

===================

रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि मतदाता पहचान पत्र से संबंधित सभी आवेदनों को ससमय निष्पादित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को मतदाता पहचान पत्र पंजिकरण से संबंधित कोई शिकायत न रहे। श्री कुमार आज सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं निर्वाचन कार्यालय के डाटा इंट्री ऑपरेटरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक कर रहे थे।

श्री कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का सख्त निर्देश है कि मतदाता पहचान पत्र बनाने में जीरो एरर के लक्ष्य से कार्य करना है। उन्होंने कहा कि विगत के चुनावों में मतदाता सूची के निर्माण एवं मतदाताओं के पंजिकरण के लिए बेहतर कार्य हुए हैं। उस कार्यप्रणाली को अभी भी एक्टिव रखें ताकि ससमय मतदाताओं के समस्याओं का निराकरण होता रहे। उन्होंने एनजीएसपी पोर्टल पर किसी भी मतदाता के शिकायत पेंडिंग न रहे सभी शिकायतों का ससमय निराकरण करते हुए संबंधितों को सूचित करें।

इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी  सुबोध कुमार, सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी  देव दास दत्ता, अवर निर्वाचन पदाधिकारी  सुनील कुमार सहित वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं निर्वाचन से संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।