रेलवे का बड़ा फैसला! हटिया-राउरकेला रूट की तीन ट्रेनें 5 से 12 नवंबर तक रद
- By rakesh --
- 05 Nov 2026 --
- comments are disable
रांची: चक्रधरपुर रेल मंडल में विकास कार्यों के लिए ब्लॉक लिए जाने के कारण हटिया और राउरकेला के बीच रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने इस दौरान अलग-अलग तारीखों में तीन ट्रेनों को रद करने का निर्णय लिया है। इनमें हटिया-झारसुगुड़ा-हटिया मेमू एक्सप्रेस और हटिया-राउरकेला तथा राउरकेला-हटिया पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के रद रहने से इस मार्ग पर नियमित सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हटिया-झारसुगुड़ा मेमू एक्सप्रेस सात दिनों तक रद
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 18175/18176 हटिया-झारसुगुड़ा-हटिया मेमू एक्सप्रेस का परिचालन पांच नवंबर से 11 नवंबर तक रद रहेगा। वहीं, ट्रेन संख्या 58659 हटिया-राउरकेला पैसेंजर ट्रेन भी पांच नवंबर से 11 नवंबर तक नहीं चलेगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 58660 राउरकेला-हटिया पैसेंजर छह नवंबर से 12 नवंबर तक रद रहेगी। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है। विकास कार्यों के लिए लिए गए ब्लॉक के कारण इन ट्रेनों का परिचालन निर्धारित अवधि में प्रभावित रहेगा।
त्योहारों पर रांची और हटिया स्टेशन की सुरक्षा बढ़ी
दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची और हटिया रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों और जवानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
स्टेशन परिसर में चौबीसों घंटे निगरानी के साथ नियमित गश्त और जांच अभियान चलाया जा रहा है। मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ रांची के निर्देश पर रांची और हटिया आरपीएफ पोस्ट के जवानों को सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
बैगेज स्कैनर और मेटल डिटेक्टर से जांच
स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए उनके सामान की बैगेज स्कैनर से जांच की जा रही है। इसके साथ ही हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) की मदद से संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है।
प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रवेश और निकास द्वार तथा प्रतीक्षालय जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने की व्यवस्था की गई है।
लावारिस सामान और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर
त्योहारों के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण लावारिस सामान, संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों को लेकर आरपीएफ विशेष सतर्कता बरत रही है। जवान स्टेशन परिसर में लगातार गश्त कर रहे हैं और यात्रियों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
आरपीएफ की ओर से यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे अपने सामान की सुरक्षा का ध्यान रखें और स्टेशन पर कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सुरक्षा बल को सूचना दें। रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुरक्षित बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकना है।
यह भी पढ़ें:बिना नोटिस वेतन वृद्धि छीनी तो हाई कोर्ट ने लगाई रोक, 14 जवानों को 8 सप्ताह में मिलेगा लाभ