लालू यादव के किस रिकॉर्ड की हो रही चर्चा?

  • लालू प्रसाद यादव ने कायम किया रिकॉर्ड
  • सबसे ज्यादा दिनों तक रिम्स में इलाज कराने का रिकॉर्ड
  • लालू यादव अब पूरी तरह से फिटः डॉ. उमेश प्रसाद

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के नाम एक और रिकॉर्ड कायम हो गया है. झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में सबसे लंबे दिनों तक इलाज कराने वाले मरीजों में से एक राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव हैं. लालू यादव रिम्स में 2 साल 1 महीने और 7 दिनों से इलाज करवा रहे हैं.

राजद सुप्रीमो लालू यादव के नाम रिम्स में सबसे ज्यादा समय से इलाज कराने का रिकॉर्ड कायम किया है. लालू यादव पहले एम्स में भर्ती थे फिर 29 अगस्त 2018 को रिम्स के कार्डियोलॉजी बिल्डिंग में शिफ्ट हुए थे. कार्डियोलॉजी विभाग में कुत्तों की आवाज से परेशान होने के बाद लालू यादव को रेल के पेइंग वार्ड में भर्ती कराया गया था.

5 अगस्त 2020 को राजद सुप्रीमो को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए अकेली बंगले में शिफ्ट कर दिया गया. रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती होने के दौरान लालू यादव ने लगभग 7 लाख रूपये से अधिक का किराए का भुगतान किया.  पेइंग वार्ड में इलाज के लिए प्रतिदिन ₹1000 देना होता है. सात लाख तक का भुगतान करने के बाद उन्हें रिम्स के डायरेक्टर बंगले में शिफ्ट किया गया.

लालू यादव का इलाज कर रहे डॉक्टर डॉक्टर उमेश प्रसाद ने कहा कि लालू यादव को इतने समय तक रखना उनकी मजबूरी है. उन्होंने कहा कि लालू यादव कैदी है और कोर्ट के आदेश पर लालू यादव का इलाज रिम्स में हो रहा है. सरकार या फिर कोर्ट के आदेश के बाद ही वह लालू यादव को यहां से छोड़ सकते हैं.

लालू यादव कई बीमारियों से पीड़ित हैं. डायबिटीज,  ब्लड प्रेशर, किडनी, ह्रदय रोग उन्हें बार-बार परेशान करता है. लालू यादव के डॉक्टर डॉक्टर उमेश प्रसाद की माने तो लालू प्रसाद इन दिनों पूरी तरह से फिट हैं उनका ब्लड प्रेशर भी नॉर्मल है. शुगर लेवल भी नियंत्रण में है और किडनी भी सामान्य स्थिति में है.