रांचीः लालू यादव जेल से कर रहे हैं बिहार चुनाव की तैयारी ?
- By admin --
- 13 Jul 2020 --
- comments are disable
रांची स्थित रिम्स में भर्ती स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के वार्ड में सजायाफ्ता कैदी लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी और फोन पर बात करते हुए कुछ तस्वीरें सामने आने के बाद सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले पर बीजेपी सीधे हेमंत सरकार पर हमलावर हो गई है। राजद सुप्रीमो लालू यादव को फोन पर बात करना कहीं न कहीं बिहार विधानसभा से जोड़कर देखा जा रहा है।
ऐसा अनुमान लगाया जा रहा कि राजद सुप्रीमो लालू यादव बिहार विधानसभा को लेकर अभी से रणनिती बनाने में जुट गए हैं। क्योंकि बिहार विधानसभा में लालू यादव कोई भी कसर छोड़ना नहीं चाह रहे हैं। लोकसभा चुनाव में मिली हार से राजद बिहार में अभी बैकफुट पर चल रही है।
सरकार पर बीजेपी हमलावर
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ लालू यादव की तस्वीर जब सामने आई तो विपक्ष पूरी तरह से हावी हो गया। बीजेपी के प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा का कहना है कि लालू प्रसाद यादव सजायाफ्ता है और जेल मैन्यूअल के अनुसार उनसे कोई ऐसे ही नहीं मिल सकता है। राज्य में जब नई सरकार बनी है तब से जेल में मिलनेवालों की संख्या बढ़ गई है। सीधे तौर पर अब राजनीति भी तेज हो गई है।
कांग्रेस ने माना महज एक संयोग
इधर राज्य में सरकार चला रही पार्टी कांग्रेस ने इस मुलाकात महज एक संयोग है। दोनों का ईलाज एक ही फ्लोर पर हो रहा था, ऐसे में मुलाकात हो गई। साथ ही शमशेर आलम ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के बारे में जितना बीजेपी सोचती है, वह अगर अपनी पार्टी के बारे में सोचती तो बेहतर होगा।
बहरहाल लालू प्रसाद यादव हमेशा से सुर्खियों में रहते ही रहे हैं। बिहार में चुनाव होने हैं और कांग्रेस के नेता लालू से मिलते हैं तो वैसे ही राजनीति तेज हो जाती है। लेकिन सजा के दौरान लालू से मिलने की एक प्रक्रिया है और उसी प्रक्रिया के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।