सिमडेगा: आरइओ विभाग में तैनात इंजीनियर चढ़ा एसीबी के हत्थे
- By admin --
- 15 Jul 2020 --
- comments are disable
राज्य में जीरो टोलरेंस की नीति पर एसीबी लगातार कार्रवाई कर रही है और रिश्वतखोरों पर लगाम लेने के लिए रोजना कहीं न कहीं से लोगों को गिरफ्तार कर रही है। इसी के तहत एसीबी ने एक कार्यपालक अभियंता को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह इंजीनियर सिमडेगा आरइओ विभाग में तैनात है।
दरअसल, रांची के एक संवेदक ने आरइओ विभाग से संचालित प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का निर्माण किया था। निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा था। इसी राशि के भुगतान के एवज में आरइओ विभाग के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने 1,00,000 रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत नहीं देने पर बिल का भुगतान रोक दिया गया।
इसको लेकर संवेदक ने रांची में एंटी करप्शन ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत की। इसके बाद एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों ने मामले की जांच की, जांच में शिकायत सही मिली, तो एसीबी की टीम ने कार्यपालक अभियंता को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
एंटी करप्शन ब्यूरो की ट्रैप टीम सिमडेगा आरईओ के कार्यपालक अभियंता के आवास में पहुंची. यहां संवेदक ने जैसे ही अरविंद कुमार को एक लाख रुपये का भुगतान किया, सादे वेश में वहां तैनात एसीबी की ट्रैप टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. टीम ने अरविंद कुमार के घर की तलाशी ली, तो वहां से उसे 80,000 रुपये नकद मिले।