रांची : बुली गुदुया को छत देने की प्रक्रिया शुरू, बीमार को मदद पहुंचाने की हुई पहल
- By admin --
- 26 Jul 2020 --
- comments are disable
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश के बाद पश्चिमी सिंहभूम जिले सोनुवा प्रखंड स्थित सेगईसाई गांव की बुली गुदुया को सरकारी योजना से जोड़ने का कार्य आरंभ हो गया। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त अरवा राजकमल ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बुली गुदुया के घर जाकर तत्काल राशन उपलब्ध कराया है।
आधारकार्ड बनवाने हेतु आवेदन भरा गया। आधारकार्ड उपलब्ध होने के उपरांत आवश्यक रूप से इनका बैंक खाता खुलवा कर पेंशन, राशन, अंबेडकर आवास योजना का भी लाभ दिया जायेगा।
लिवर की बीमारी से पीड़ित है अनूप कुमार
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद लिवर की बीमारी से पीड़ित धनबाद निवासी अनूप कुमार को असाध्य रोग उपचार योजना से लाभान्वित करने का कार्य प्रारंभ हो गया है। धनबाद के उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस संबंध में सिविल सर्जन को अविलंब अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि शनिवार को सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगायी गयी थी और यह मामला जब मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंचा, तो उन्होंने संबंधित जिलों के उपायुक्त को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कुछ ही घंटे में सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश शुरू कर दी गयी है।