सरायकेला: अब ये नक्सली प्रेमी जोड़ा बसा सकेगा अपना घर
- By admin --
- 04 Jun 2020 --
- comments are disable
तीन लाख के इनामी नक्सली ने प्रेमिका के साथ किया सरेंडर
सरायकेला-खरसावां जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा-माओवादी के तीन लाख के इनामी नक्सली ने गुरुवार को अपनी एक महिला सहयोगी के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद अर्शी ने बताया कि तीन लाख के इनामी नक्सली राकेश मुंडा उर्फ सुखराम मुंडा के साथ साथ एक महिला चांदनी सरदार ने मुख्यधारा से जुड़ते हुए आत्मसमर्पण किया है।
उन्होंने बताया कि सरेंडर करने वाला नक्सली पूर्व में कई मामलों के वांछित अपराधी रहा हैं। कुचाई में पुलिस की गाड़ी उड़ाने वाले दस्ते में भी इन नक्सलियों की पहचान हुई है।
नक्सली अभियान करने के दौरान दोनों नक्सली एक दूसरे के काफी करीब आ गए थे, जिससे उन दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुआ था, लेकिन साधारण जीवन से दूर होने के कारण आगे का जीवन एक साथ नहीं बिता पा रहे थे, इसे देखते हुए इन दोनों ने मुख्यधारा में जुड़कर आम जीवन जीना उचित समझा है और सरायकेला एसपी के सामने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस ने तत्काल उन्हें एक एक लाख रुपए नकद राशि का पुरस्कार भी मीडिया के समक्ष दिया है।
दो लाख का इनामी नक्सली राकेश मुंडा उर्फ सुकरा मुंडा ने सरायकेला एसपी के समक्ष अपनी प्रेमिका चांदनी उर्फ बुधनी के साथ सरेंडर किया।
दोनों ही नक्सली महाराज प्रामाणिक और अनल दा के लिए कुचाई क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों को संचालित करते थे। यह जानकारी जिले के एसपी मो. अर्शी, सीआरपीएफ 196 बटालियन के कमांडेंट बिरसा उरांव, एएसपी अभियान पुरुषोत्तम कुमार ने प्रेस वार्ता कर आदित्यपुर में दी।
नक्सली राकेश मुंडा दस्ते में रहते महिला नक्सली चांदनी से प्रेम करने लगा था। दोनों ने शादी कर मुख्य धारा से जुड़ने और अपना परिवार बसाने का निर्णय लेकर नक्सली दस्ते से चुपचाप भाग निकले। झारखंड सरकार द्वारा घोषित इनाम और मुआवजा का लाभ उन्हें मिला।
एसपी मो. अर्शी ने कहा कि दोनों नक्सली को सरकार की स्कीम सरेंडर करने और पारिवारिक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि सारे नक्सली इस स्कीम का लाभ उठाएं और मुख्य धारा से जुड़ें।
क्या मिलेगा लाभ
राज्य सरकार की ओर से सरेंडर करने वाले नक्सलियों को 3 लाख रुपए नगद, घर बनाने के लिए 4 डिसमिल जमीन, इनामी नक्सलियों के ऊपर रखे गए इनाम की राशि, रोजगार के लिए प्रशिक्षण के लिए 40 हजार रुपए, नक्सलियों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का लाभ औऱ 5 लाख रुपए का जीवन बीमा का लाभ।
एक-एक लाख का चेक सौंपा
प्रेस वार्ता के दौरान ही एसपी मो. अर्शी ने सरेंडर करने वाले नक्सलियों राकेश मुंडा और चांदनी को एक-एक लाख रुपए का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि 2 साल के अंदर 2 लाख रुपए और 4-4 डिसमिल जमीन दोनों को मिलेंगे। एसपी ने बताया कि दोनों नक्सली हथियार लेकर इसलिए सरेंडर नहीं कर सके क्योंकि ये दस्ते से से चोरी छिपे भागे हैं।