बनेगा भारत तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी, नीति आयोग की बैठक में क्या हुआ ?

ऐसे बनेगा भारत तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी… जानें नीति आयोग की बैठक में क्या-क्या हुआ ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग हुई. इस बैठक में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 31 ने भाग लिया. यह गवर्निंग काउंसिल की अब तक की सबसे अधिक भागीदारी है. बैठक के बाद नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने बताया कि कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल, बिहार और पुडुचेरी नीति आयोग परिषद की बैठक में शामिल नहीं हुए.

आयोग के CEO ने कहा कि हम चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं. हम चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था हैं. आज भारत जापान से भी बड़ा है.

उन्होंने कहा कि अगर हम उसी पर टिके रहें, जो योजना बनाई जा रही है, जिस पर विचार किया जा रहा है, तो यह अगले 2.5-3 साल की बात है, हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे. उन्होंने कहा कि अच्छी बात यह है कि लगभग 17 राज्यों ने अपने विजन तैयार कर लिए हैं और जारी कर दिए हैं या जारी करने वाले हैं. उनमें से पांच ने विजन जारी कर दिए हैं- यूपी, पंजाब, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात और अन्य अगस्त तक विजन जारी कर देंगे.