बिजली कटने से पहले निपटा लें जरूरी काम, रांची के इन इलाकों में होगी सप्लाई बाधित

बिजली कटने से पहले निपटा लें जरूरी काम, रांची के इन इलाकों में होगी सप्लाई बाधित

रांची: राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। बिजली विभाग की ओर से विभिन्न फीडरों में मरम्मत, पेड़ों की डालियों की छंटाई, हाईटेंशन (एचटी) तार लगाने और एलटी लाइन को एबी केबल में बदलने का काम किया जाएगा। इसके कारण अलग-अलग इलाकों में सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली कटौती होगी।

बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली से जुड़े जरूरी काम निर्धारित समय से पहले पूरा कर लें। अलग-अलग क्षेत्रों में कटौती का समय और अवधि कार्य के अनुसार निर्धारित की गई है।

अशोक नगर में दो बार कटेगी बिजली

अशोक नगर विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल के अंतर्गत पेड़ों की डालियों की छंटाई की जाएगी। इसके कारण सुबह 9 बजे से 10 बजे तक अलकापुरी, न्यू पुंदाग, भगतकोचा और डिबडीह सहित आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

वहीं, सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक महावीर नगर फेज-1 और एसपी कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली बंद रहेगी।

लालपुर और कोकर में बिजली कटौती

आरडीएसएस योजना के तहत लालपुर क्षेत्र के पथलकुदुआ फीडर में हाईटेंशन तार लगाने का काम किया जाएगा। इसके कारण सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पथलकुदुआ चौक से गुड़िया पेट्रोल पंप चौक होते हुए नया टोली तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

कोकर डिवीजन के चूनाभट्ठा फीडर के अंतर्गत तिरिल रोड स्थित आदर्श विद्यालय के पास एक ट्रांसफार्मर बंद रहेगा। इसके अलावा कोकर डिवीजन कार्यालय और बैंक कॉलोनी क्षेत्र में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

चुटिया के कृष्णापुरी फीडर में भी काम

चुटिया के कृष्णापुरी फीडर में एलटी लाइन को एबी केबल में बदलने का काम किया जाएगा। इसके कारण सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक पावर रोड स्थित चुटिया उपकेंद्र के पास, चुटिया थाना के निकट और धूमसा टोली में छठ तालाब के आसपास बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

इसके अलावा कृष्णापुरी फीडर के द्वारिकापुरी रोड नंबर-2 में भी बिजली से संबंधित कार्य के कारण आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

मोरहाबादी और सत्तार कॉलोनी में कटौती

न्यू मोरहाबादी फीडर के अंतर्गत बनियाटोली नीचे बस्ती और बोडिया रोड के आसपास एक ट्रांसफार्मर सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक बंद रहेगा।

वहीं, आरके मिशन फीडर के आलम हॉस्पिटल के पास स्थित सत्तार कॉलोनी में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

ओरमांझी और कुच्चू फीडर में भी मरम्मत

ओरमांझी क्षेत्र में 33 केवी रुक्का-पीएचईडी लाइन पर पेड़ों की डालियों की छंटाई और रखरखाव का काम किया जाएगा। इसके अलावा बारीडीह चौक स्थित चायबगान पावर हाउस के बारीडीह फीडर में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक एक ट्रांसफार्मर बंद रहेगा।

कुच्चू फीडर के मंडरो टांड़ में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आरडीएसएस योजना के तहत स्टे फिटिंग और बॉक्स लगाने का काम किया जाएगा। इस दौरान संबंधित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

यह भी पढ़ें: खरगे के बयान पर बिहार में बवाल, भाजपा ने निकाला मार्च और जलाया राहुल गांधी का पोस्टर