बोकारो : जिला कोविड केयर सेंटर में इलाजरत 17 व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ होकर लौटे घर  

कैम्प 2 स्थित एएनएम प्रशिक्षण सेंटर ( जिला कोविड केयर सेंटर) में इलाजरत कोविड 19 संक्रमित व्यक्तियों में से बुधवार को कुल 9 लोग पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर को लौट गए। 

जिसमे जरीडीह प्रखंड के निवासी 60 वर्षीय पुरुष, गोमिया प्रखंड निवासी 20 वर्षीय पुरुष, बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-12 निवासी 35 वर्षीय पुरुष, माराफारी निवासी 24 वर्षीय महिला, चास प्रखंड के बाँधगोरा निवासी 42 वर्षीय पुरुष, चास प्रखंड के निवासी 25 वर्षीय पुरुष, सेक्टर-4 निवासी 55 वर्षीय पुरुष, चास प्रखंड निवासी 32 वर्षीय पुरुष एवं पुलिस लाईन के 45 वर्षीय पुरुष शामिल हैं । बोकारो जनरल अस्पताल से 5 एवं रांची में इलाजरत 3 लोगों को भी पूरी तरह से स्वस्थ करने के बाद छोड़ा गया।

बीजीएच एवं जिला कोविड केयर सेंटर से छोड़ने के समय सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार पाठक ने सभी को फूल और स्वस्थ होने का प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार पाठक ने अस्पताल से घर जाने के पूर्व उन्हें कम से कम 14 दिनों तक होम कोरोंटाइन रहने की सलाह दी। साथ ही साथ हाथों को साबुन या हैंडवाश से  कुछ अंतराल पर हाथ धोने की सलाह भी दिया। उन्होंने सभी से कहा कि होम कोरोंटाइन का सख्ती से पालन करें। उन्होंने बोकारो जनरल अस्पताल के चिकित्सकों का आभार भी व्यक्त किया।

कोरोना संक्रमण का इलाज एक चुनौती है: डॉक्टर

जिला कोरोना सेंटर के डॉक्टर ने कहा कि कोरोना संक्रमण का इलाज एक चुनौती है। कई मरीज भी मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। परेशानियों के बावजूद मरीज जब ठीक होकर अस्पताल से घर जाते हैं तो डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी सारी परेशानियां भूल जाते हैं। मरीजों के चेहरे पर झलकती खुशी डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ाते है।

आधी अधूरी जानकारी सोशल मीडिया पर नहीं डालने की अपील

उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रांतियां फैली हुई है। जिस कारण भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने समाज हित में आधी अधूरी जानकारी सोशल मीडिया पर नहीं डालने की अपील की।

कोरोना को मात देकर घर जा रहे लोगो ने कहा कि पहले तो उसे काफी डर लग रहा था। लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों ने काफी हौसला अफजाई की। अब उसे बिल्कुल भी डर नहीं लग रहा है।

उन्होंने ने लोगों से कोरोना संक्रमण से डरने के बजाय सचेत रहने और सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की। साथ ही डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की काफी सराहना की। उन सभी ने कहा कि जिला कोरोना सेंटर में मरीजों का हर तरह से देखभाल वह ख्याल रखा जा रहा है। इस तरह की व्यवस्था से मरीजों का भी आत्मबल बढ़ता है। इस दौरान जिला कोरोना सेंटर के डॉक्टर एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।