रांची। ममता हुई शर्मसार,मां ने की चार वर्षीय बेटे की हत्या
- By admin --
- 10 May 2020 --
- comments are disable
रांची। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित न्यू कॉलोनी में ममता शर्मसार हो गई। जहां एक मां ने खुद अपने 4 साल के बच्चे की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं इस घटना में घायल हुए पति की भी मौत हो गई। फिलहाल महिला फरार है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना रविवार अहले सुबह की है।
चार साल बेटे की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार न्यू कॉलोनी में रहने वाले लुकास गुड़िया और उसकी पत्नी सुषमा गुड़िया में शनिवार की देर रात किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों सोने चले गए। इसी क्रम में सुषमा गुड़िया ने धारदार हथियार से अपने चार साल के बेटे अमित की हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव में आए लुकास पर भी उसने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने भेजा शव को हॉस्पिटल
सुबह करीब 5:00 बजे घर से चिल्लाते हुए वह बाहर निकला तब मौके पर आसपास के लोग जमा हुए और पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने उसे एंबुलेंस से हॉस्पिटल भेजा। लेकिन वहां पहुंचने के क्रम में ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि अक्सर दंपती के बीच झगड़ा होता था। लेकिन महिला ऐसी घटना को अंजाम देगी यह किसी ने नहीं सोचा था।
लुकास गुड़िया करता था पिटाई
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले शराब के नशे में लुकास गुड़िया ने पत्नी की पिटाई भी की थी। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम गहराई से हर एक पहलू की जांच कर रही है। घटना में प्रयुक्त हथियार को जब्त कर लिया गया है।