KCR की रैली में 4 मौजूदा और एक पूर्व CM: विजयन बोले- हम पर हिंदी थोप रहे

KCR की रैली में 4 मौजूदा और एक पूर्व CM: विजयन बोले- हम पर हिंदी थोप रहे; अखिलेश ने कहा- BJP के 399 दिन बचे

तेलंगाना के CM और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के सुप्रीमो के चंद्रशेखर राव (KCR) की खम्मम जिले में हुई रैली में चार मौजूदा मुख्यमंत्री और एक पूर्व मुख्यमंत्री पहुंचे। इस रैली के माध्यम से विपक्षी एकता का संदेश दिया गया। रैली में केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने राष्ट्रभाषा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हमारी सभी देसी भाषाओं को दरकिनार करते हुए हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में चित्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री: के. चंद्रशेखर राव ने कहा कि केंद्र की मेक इन इंडिया पहल फैल रही। भारत अपने लक्ष्य से भटक गया है? यह देश यहां के लोगों की संपत्ति है, जिसे किसी से भीख मांगने की जरूरत नहीं है!

दिल्ली के मुख्यमंत्री: अरविंद केजरीवाल ने कहा कि स्टालिन साहब (तमिलनाडु के CM) हमारे स्कूल देखने आए, वापस जा कर उन्होंने अपना स्कूल ठीक किया। मुझे अपने स्कूल के उद्घाटन में बुलाया। सारे गवर्नर मुख्यमंत्रियों को तंग कर रहे हैं, ये गवर्नर तंग नहीं कर रहे, मोदी साहब तंग करा रहे हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री: भगवंत मान ने कहा कि देश का युवा नौकरी चाहता है। रोजगार चाहता है। जब डोनाल्ड ट्रम्प की पत्नी मेलानिया ट्रम्प ने सरकारी स्कूल देखना चाहा तो भाजपा वालों ने केजरीवाल के स्कूल दिखाए। भारतीय जुमला पार्टी देश को गुमराह कर रही है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री: अखिलेश यादव ने कहा कि हम मिलकर काम करेंगे तो प्रगतिशील एजेंडे के साथ देश को आगे बढ़ा सकते हैं। KCR खम्मम मंच से देश को एक अच्छा संदेश दे रहे हैं। भाजपा चुनी हुई सरकारों को परेशान कर रही है। भाजपा के सिर्फ 399 दिन ही बचे हैं, अगले चुनाव में इनकी हार तय है।