देश को मिला नया संसद भवन, पीएम मोदी ने विधि-विधान से किया उद्घाटन

देश को नया संसद भवन मिल चुका है। पीएम मोदी ने पूरे विधि-विधान से इसका उद्घाटन किया। नए भवन में लोकसभा में 888 और राज्यसभा में 384 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था है। नई संसद को लेकर देश में राजनीति भी खूब हुई। लगभग पूरे विपक्ष ने नई संसद के उद्घाटन के मौके से किनारा कर लिया है।

‘एक राष्ट्र के रूप में हम सभी 140 करोड़ का संकल्प ही इस संसद की प्राण प्रतिष्ठा है। यहां होने वाला हर निर्णय ही, आने वाले समय को संवारने वाला है। यहां होने वाला निर्णय आने वाली पीढ़ियों को सशक्त करने वाला है। यहां होने वाला निर्णय समाज के हर वर्ग को सशक्त करेगा। संसद की हर दीवार, इसका कण-कण गरीब के कल्याण के लिए समर्पित है।’

‘हमें नेशन फर्स्ट की भावना से बढ़ना होगा। हमें कर्तव्य पथ को सर्वोपरि रखना होगा। हमें अपने व्यवहार से उदाहरण पेश करना पड़ेगा। हमें निरंतर खुद में सुधार करते रहना होगा। हमें अपने नए रास्ते खुद बनाने होंगे। हमें खुद को खपाना होगा, तपाना होगा। हमें लोककल्याणको ही अपना जीवन मंत्र बनाना होगा। जब संसद के इस नए भवन में अपने दायित्वों का इमानदारी से निर्वहण करेंगे तब देशवासियों को भी इसकी प्रेरणा मिलेगी।’

‘गांधीजी ने स्वराज के संकल्प से हर भारतीय को जोड़ दिया था। यह वह दौर था, जब हर भारतीय आजादी के लिए जी-जान से जुट गया था। इसका नतीजा हमने 1947 में भारत की आजादी के तौर पर देखा। आजादी का यह अमृतकाल भी भारत के इतिहास का ऐसा ही पड़ाव है। आज से 25 साल बाद भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा। हमारे पास भी 25 वर्ष का कालखंड है। इन 25 वर्षों में हमें भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।’

 

आसमान से जमीन तक 24 घंटे ‘बाज’ की नजर से नए संसद भवन की सुरक्षा

आसमान से जमीन तक 24 घंटे ‘बाज’ की नजर से नए संसद भवन की सुरक्षा होगी। इसके लिए खास उपकरण लगाए गए हैं। संसद भवन में एंटी ड्रोन और एंटी मिसाइल सिस्टम लगा है। इसके अलावा संसद परिसर के भीतर किसी भी वाहन को ड्रोन की मदद से टारगेट नहीं किया जा सकेगा। सुरक्षा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि नए संसद भवन के उद्घाटन के बाद अब पार्लियामेंट ड्यूटी ग्रुप (पीडीजी), एनएसजी, आईबी, आईटीबीपी और पार्लियामेंट सिक्योरिटी सर्विस व दिल्ली पुलिस की संख्या में इजाफा किया गया है। बड़ी बात ये है कि नया संसद भवन, पूरी तरह से इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के उपकरणों से लैस है। अगर कोई भी संदिग्ध गतिविधि होती है तो चंद सेकेंड में उसका पता चल जाएगा।