रांची। आकाशीय बिजली की टूटी कहर, चार बच्चों की मौत
- By admin --
- 05 May 2020 --
- comments are disable
रांची। झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चों की मौत हो गई। वहीं, चार लोग झुलस गए। सोमवार की सुबह 6.45 बजे मौसम बदला और घना अंधेरा छा गया। अचानक तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। पलामू में चैनपुर के खुरा खुर्द गांव के बच्चे आंधी में आम चुनने गए थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी।
गांव के जगदीश उरांव के बेटे आकाश (12), बिगन उरांव की बेटी मोहिता (11) की मौत हो गई, जबकि जगदीश उरांव का बेटा रामू झुलस गया। उसे सदर अस्पताल मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है। खुरा कला गांव के वीरेंद्र ठाकुर के बेटे विकास ठाकुर (13) की भी आकाशीय बिजली गिरने से जान चली गई। सभी तीसरी और चौथी क्लास में पढ़ते थे।
इधर, गुमला में भरनो प्रखंड के मारासिली अम्बेराटोली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बंधना उरांव के बेटे सूरज उरांव (12) की घटनास्थल पर मौत हो गई। वह सुबह 8 बजे अपने घर के पास खड़ा था, तभी बारिश होने लगी। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी और सूरज की मौत हो गई। वह तीसरी क्लास का छात्र था।
आकाशीय बिजली गिरने से घर में लगी आग, एक घायल
वहीं, लातेहार के सदर थाना क्षेत्र के सोतम गांव के मंगरा तुरी के घर में अचानक गिरे आकाशीय बिजली के कारण आग लग गई। इस घटना में घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि जिस समय घर में वज्रपात हुआ, उस समय घर में कोई सदस्य नहीं था। घर पर ताला लगा हुआ था। इधर, आकाशीय बिजली गिरने से पास में ही सोतम गांव के त्रिवेणी यादव जख्मी हो गया। वो अपने घर में ही बिजली का कार्य कर रहा था। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी और उसे भी झटका लगा। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।