सांसद संजय सेठ ने शुरू किया पक्षियों को पानी अभियान ….
- By rakesh --
- 18 Apr 2023 --
- comments are disable
लोकसभा क्षेत्र में पक्षियों को पानी उपलब्ध कराने के लिए कार्यकर्ताओं व नागरिकों से आगे आने की अपील।
अरगोड़ा चौक पर मिट्टी के बर्तन बांटकर शुरू हुआ अभियान।
रांची। भीषण गर्मी को देखते हुए रांची के सांसद श्री संजय सेठ ने आज ‘पक्षियों को पानी’ अभियान की शुरुआत की। आज पहले दिन सांसद ने अरगोड़ा चौक पर स्थानीय फल सब्जी विक्रेताओं, टेंपो चालकों व अन्य राहगीरों के बीच मिट्टी के बर्तनों का वितरण किया। श्री सेठ ने सबसे आग्रह किया कि अपने घरों व दुकानों में पक्षियों के लिए पानी भरकर रखें। गर्मी में इन पक्षियों का ख्याल रखना भी हमारा ही कर्तव्य है। सांसद श्री सेठ ने कहा कि आज से आरंभ हुआ यह अभियान पूरे रांची लोकसभा क्षेत्र में चलाया जायेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं व नागरिकों से अनुरोध किया कि इस अभियान में अधिक से अधिक लोग आगे आएं। पक्षियों की घटती संख्या हमारे लिए चिंता का विषय है और इसपर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए, हम पक्षियों को पानी उपलब्ध कराएं, यह सबसे आवश्यक है। उन्होंने आग्रह कि हर व्यक्ति अपने घरों और प्रतिष्ठानों के छत पर, अन्य स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी अवश्य रखें। सांसद ने कहा कि इस अभियान में कार्यकर्ताओं के साथ साथ नागरिकों को भरपूर सहयोग मिलेगा। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से आगे आने की अपील की। आज के अभियान के दौरान प्रमुख रूप से मुनेश्वर साहू, सुनील साहू, सूरज साहू सहित कई अन्य कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद रहे।