गूगल, माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब Apple ने भी भारतीय टैलेंट पर भरोसा किया

अमेरिकी कंपनियां भारतीय टैलेंट के मुरीद हो रही हैं। गूगल और माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब Apple ने भी भारतीय टैलेंट पर भरोसा किया है और सबीह खान को अपना नया चीफ ऑफरेटिंग ऑफिसर (COO) नियुक्त किया है। खान, जेफ विलियम्स की जगह लेंगे। कंपनी ने 8 जुलाई को एक बयान में कहा कि यह बदलाव एक “लंबे समय से तय उत्तराधिकार योजना” का हिस्सा है।
सबीह खान का जन्म 1966 में भारत के उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में हुआ था। जब वे स्कूल में थे, तब उनका परिवार सिंगापुर चला गया और कुछ वर्षों बाद वे अमेरिका में बस गए। उन्होंने टफ्ट्स यूनिवर्सिटी (Tufts University) से इकोनॉमिक्स और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ड्यूल बैचलर डिग्री और फिर न्यूयॉर्क स्थित रेंससेलर पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट (RPI) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री प्राप्त की।
एपल ने बयान में कहा कि खान इस महीने के अंत तक नए COO का पद संभालेंगे। जेफ विलियम्स अभी भी एपल के सीईओ टिम कुक को रिपोर्ट करते रहेंगे और कंपनी के डिजइन व एपल वॉच टीम को देखेंगे। उनके रिटायर होने के बाद डिजाइन टीम सीधे टिम कुक को रिपोर्ट करेगी।
सबीह खान को कितनी मिलेगी सैलरी
Barron’s की रिपोर्ट के मुताबिक, जेफ विलियम्स को 1 मिलियन डॉलर (लगभग 8 करोड़ रुपए) की बेस सैलरी मिलती थी। बोनस और दूसरी सुविधाएं जोड़ने के बाद उनकी कुल कमाई करीब 23 मिलियन डॉलर (लगभग 191 करोड़ रुपये) तक पहुंच जाती थी। माना जा रहा है कि सबीह खान की सैलरी भी इसी के आसपास हो सकती है, लेकिन Apple ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।