कोडरमाः तीन दिन से लापता नाबालिग का मिला शव, घर में मचा कोहराम

जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के बाराडीह से तीन दिन पहले लापता तीन वर्षीय बालक का शव शनिवार को कुएं से बरामद किया गया है। जिस कुएं से शव बरामद किया गया वह गांव के ही भुनेश्वर साव का है।

ज्ञात हो कि बाराडीह निवासी छोटन साव ने नवलशाही थाना मे आवेदन देकर अपने तीन वर्षीय पुत्र संजीत कुमार के गुमशुदगी को लेकर मामला दर्ज कराया था। आवेदन में बताया गया कि उनका पुत्र संजीत एक जुलाई की सुबह घर से खेलने के लिए निकला जो काफी देर बाद तक घर वापस नहीं लौटा। घरवालों द्वारा उसकी काफी खोजबीन की गयी पर उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

आवेदक छोटन साव ने आशंका जताई थी कि उनके पुत्र को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसला कर ले गया है। आवेदन के बाद भी पुलिस गंभीर नहीं हुई और नतीजा शनिवार को उसका शव बरामद किया गया। बालक का शव मिलने के बाद घर वालों का रो रोकर बुरा हाल है।

अबतक घटना के कारणों का पता नहीं चला है, पुलिस छानबीन में जुटी है। वहीं शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद ही मामले के खुलासा होने की संभावना है।