Ranchi: वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर बना पंडाल

Ranchi Durga Puja Pandal: वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर बना पंडाल, राज्यपाल ने किया उद्घाटन

रांची। राजधानी रांची के जिला स्कूल मैदान में वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर तैयार किए गए भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का बुधवार शाम उद्घाटन किया गया। राज्यपाल संतोष गंगवार ने पंडाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सांसद दीपक प्रकाश, मेयर रोशनी खलखो, विधायक सीपी सिंह और विधायक नवीन जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया उद्घाटन

उद्घाटन समारोह के दौरान मां दुर्गा के दरबार में नौ कन्याओं का पूजन किया गया। इसके जरिए अतिथियों ने नारी शक्ति के सम्मान और सनातन परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। पूजा-अर्चना के बाद पंडाल के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए भक्तों में उत्साह देखने को मिला।

स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर तैयार हुआ पंडाल

जिला स्कूल मैदान में बना यह पंडाल वाराणसी के प्रसिद्ध स्वर्वेद महामंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरित है। स्वर्वेद महामंदिर अपनी विशाल संरचना और आध्यात्मिक महत्व के लिए जाना जाता है। इसी तर्ज पर तैयार पंडाल को आकर्षक स्वरूप दिया गया है।

150 फीट चौड़ा और 100 फीट ऊंचा है पंडाल

पूजा समिति के महासचिव कुणाल आजमानी के अनुसार, पंडाल की चौड़ाई लगभग 150 फीट और ऊंचाई करीब 100 फीट है। इसके मध्य में बने गर्भगृह की ऊंचाई लगभग 30 फीट रखी गई है। इसकी भव्य बनावट और कलाकृति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

अतिथियों ने की आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना

राज्यपाल संतोष गंगवार ने श्रद्धालुओं को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और आयोजन समिति के प्रयासों की प्रशंसा की। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी पंडाल की भव्यता और आकर्षक कलाकृति की सराहना करते हुए रांचीवासियों को दशहरा की शुभकामनाएं दीं।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

समारोह में प्रेमचंद श्रीवास्तव, दिलीप सोनी, प्रकाश धेलिया, प्रवीण सिंह, मुकेश अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, धीरज तनेजा, दीपक पाठक, संजय कुमार अग्रवाल, महेश सोनी और संजय गुप्ता समेत पूजा समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन शुरू हुए।

यह भी पढ़ें: Iran Ship Attack: होर्मुज में बारूदी सुरंग से टकराया जहाज, 2,500 कंटेनर लदे होने का दावा