खूंटी में नाबालिगों के साथ गंभीर अपराध, फार्म हाउस में बंधक लड़की को पुलिस ने बचाया
- By rakesh --
- 04 Nov 2026 --
- comments are disable
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक पीड़िता को मारंगहादा थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव बाड़ेडीह स्थित अर्धनिर्मित फार्म हाउस से सकुशल मुक्त कराया। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपित अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
तीन आरोपित गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोपाल मुंडा उर्फ राहुल उर्फ चुड़ू (19 वर्ष) और मनसा टूटी उर्फ टाना (18 वर्ष), दोनों निवासी गाड़ीगांव बाड़ेडीह, थाना मारंगहादा, तथा मनीष लोहरा (18 वर्ष), निवासी ग्राम तोडंगकेल, थाना खूंटी के रूप में की है।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिरफ्तारी और मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल दो अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
घूमने के बहाने तीनों लड़कियों को ले गए थे आरोपित
एसपी के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपित की एक पीड़िता से पहले से जान-पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपितों ने सोमवार को दो सगी बहनों समेत तीन नाबालिग लड़कियों को घूमने के बहाने अपने साथ ले गए। इसके बाद उन्हें मारंगहादा थाना क्षेत्र में ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक, देर शाम दो पीड़िताओं को घर पहुंचाने का झांसा देकर चार आरोपित उन्हें अलग-अलग स्थानों पर ले गए। वहां उनके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना के बाद मंगलवार की अहले सुबह दोनों पीड़िताओं को खूंटी लाकर छोड़ दिया गया।
फार्म हाउस में बंधक बनाई गई लड़की को कराया मुक्त
दोनों पीड़िताएं इसके बाद महिला थाना पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके साथ गई तीसरी नाबालिग लड़की को आरोपितों ने मारंगहादा थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ीगांव बाड़ेडीह स्थित एक अर्धनिर्मित फार्म हाउस में बंधक बनाकर रखा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मारंगहादा थाना पुलिस के सहयोग से बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। इस दौरान बंधक बनाई गई नाबालिग लड़की को सकुशल मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को भी गिरफ्तार किया।
स्कूटी, दो KTM बाइक और मोबाइल फोन जब्त
इस मामले में खूंटी महिला थाना में पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 18/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी, दो केटीएम मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना के समय आरोपितों द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फरार दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में शामिल थे ये पुलिस अधिकारी
कार्रवाई के लिए गठित पुलिस टीम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रभात कुमार बेक, महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी, मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश कुमार, खूंटी थाना के एसआई कुंदन कुमार और महिला थाना के एएसआई मिलन मिंज सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फार्म हाउस में बंधक बनाई गई नाबालिग को सुरक्षित मुक्त कराया जा सका।
यह भी पढ़ें: दीपावली से पहले धनबाद में बड़ी कार्रवाई, चिरकुंडा में 25 क्विंटल मिठाई जब्त