अमेरिका के डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला !

अमेरिका के डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। अमेरिकी एयरलाइंस की एक फ्लाइट बोइंग 737 मैक्स 8 को उस वक्त रोक दिया गया जब उसमें लैंडिंग गियर से जुड़ी समस्या सामने आई। उड़ान भरने से पहले ही विमान में तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। इसके तुरंत बाद ही विमान के लैंडिंग गियर में आग लग गई। यात्रियों को रनवे पर ही आनन फानन में इमरजेंसी प्रक्रिया के तहत बाहर निकाला गया। इस घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन एक व्यक्ति को हल्की चोट आई है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एयरलाइंस ने कहा कि सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित उतार लिया गया और विमान को सर्विस से हटा दिया गया है ताकि उसकी पूरी जांच की जा सके। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यात्रियों को स्लाइड के जरिए नीचे उतरते और धुएं में घिरे विमान से दूर जाते देखा जा सकता है।